हजार बिस्तर अस्पताल- आधार दो, स्ट्रेचर ले जाओ

अटेंडर स्ट्रेचर वापस लेकर आए, इसलिए बनाई गई है यह व्यवस्था
ग्वालियर। हजार बिस्तर अस्पताल में स्ट्रेचर को लेकर मची हाय-तौबा अब कम होने की संभावना है। कुछ दिनों से नई व्यवस्था वहां देखने में आ रही है कि आधार दो और स्ट्रेचर ले जाओ। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, जिससे जो अटेंडर इसे लेकर जाएगा वह आधार कार्ड के लिए वापस आएगा और स्ट्रेचर भी साथ में लाएगा, जो दूसरे मरीज को मिल सकेगी।
हजार बिस्तर अस्पताल के प्रबंधन ने मुख्य गेट पर कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है, जो स्ट्रेचर के साथ वहां मौजूद दिखाई दे रहे हैं। मरीज के अटेंडर से मुख्य गेट पर बैठे अस्पताल कर्मी आधार कार्ड लेकर हाथों-हाथ स्ट्रेचर दे रहे हैं। इससे फायदा यह हो रहा है कि जो भी इसे लेकर जा रहा है वह वापस रखने भी आ रहा है, क्योंकि आधार कार्ड चाहिए। इस नई व्यवस्था के तहत स्ट्रेचर अस्पताल में मरीज के अटेंडर ले जाकर कहीं भी छोड़ देते थे और दूसरे मरीजों को परेशानी उठानी पड़ती थी, उस समस्या से निजात मिल गई है। अगर यह व्यवस्था लागू रही तो समस्या कुछ दिनों बाद पूरी तरह से समाप्त हो जाएगी, क्योंकि फिर यह आदत में शामिल हो जाएगा।
संसाधन सब हैं, पर व्यवस्थित नहीं
हजार बिस्तर अस्पताल में संसाधनों की कोई कमी नहीं है, बस यह व्यवस्थित नहीं है। व्यवस्थित करने के लिए प्रबंधन ने जिस तरह स्ट्रेचर के लिए आधार कार्ड की अनिवार्यता कर दी है, वैसे ही अन्य सुविधाओं के लिए भी बंदोबस्त करें तो समस्याएं व परेशानियां कुछ कम हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *