पटवारी 7 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त ने आरआई चेम्बर में मारा था छापा

मुरैना. रिश्वतखोरी के खिलाफ लोकायुक्त ग्वालियर की टीम ने कार्यवाही करते हुए एक पटवारी को 7 हजार रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पटवारी ने किसान की 2 बीघा जमीन का सीमांकन करने के एवज में 40 हजार रूपये की रिश्वत मांगी थी। किसान पहले ही उसे 5 हजार रूपये दे चुका था। इसके बावजूद रिश्वत की मांग जारी रहने से परेशान किसान ने लोकायुक्त से शिकायत कर दी है।
मुरैना गांव का पुरा निवासी किसान मुरारीलाल कुशवाह ने अपनी 2 बीघा जमीन के सीमांकन के लिये तहसीलदार कार्यालय में आवेदन दिया था। आरोप है कि मौजा पटवारी प्रदीप शर्मा ने सीमांकन की कार्यवाही करने के बदले किसान से 40 हजार रूपये की रिश्वत मांगी। किसान ने पटवारी को पहले ही 5 हजार रूपये दे दिये थे। लेकिन इसके बाद भी उससे रिश्वत की मांग की जा रही थी।
लोकायुक्त में शिकायत के बाद बिछाया जाल
लगातार रिश्वत की मांग से परेशान किसान ने लोकायुक्त एसपी कार्यालय ग्वालियर में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने पहले मामले का सत्यापन किया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने पटवारी को रिश्वत लेते पकड़ने की योजना बनाई।
योजनानुसार मंगलवार दोपहर किसान रिश्वत की रकम लेकर तहसील कार्यालय पहुंचा। यहां आरआई चेंबर में बैठे पटवारी प्रदीप शर्मा को जैसे ही किसान ने 7 हजार रुपए दिए, पहले से मौजूद लोकायुक्त की टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। टीम ने पटवारी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *