9 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म का प्रयास, टीवी दिखाने के बहाने घर में बुलाया


ग्वालियर. गोला का मंदिर थाना इलाके में सोमवार की दोपहर 9वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। पड़ोस में रहने वाले आरोपी ने बच्ची को 20 रूपये देकर दुकान से सामाने लाने के लिये भेजा है। उसके लौटने पर आरोपी ने टीवी दिखाने के बहाने अपने घर बुलाया और दरवाजा बंद कर उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया।
छात्रा ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। किसी तरह से वहां से निकलकर बच्ची घर पहुंची और पिता को घटना के बारे में बताया। परिजन की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में सोमवार की रात को मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी को मंगलवार की दोपहर को गिरफ्तार कर लिया।
पीडि़ता 4वीं कक्षा की छात्रा है। उसके माता-पिता निजी नौकरी करते है। सोमवार की सुबह लगभग 8 बजे दोनों काम पर चले गये थे। घर में बच्ची अपने छोटे भाई के साथ थी। दोपहर को लगभग 12.30 बजे पड़ोसी ने बच्ची का भरोसा जीतने के लिये उसे 20 रूपये दिये और दुकान से सामान लाने के लिये भेजा था।
बच्ची दुकान से सामान लेकर लौटी तो आरोपी ने उसे टीवी देखने के बहाने अपने घर बुलाया और उसके कमरे में पहुंचते ही आरोपी ने दरवाजा बंद कर कुंडी लगा दी। इसके बाद उसके साथ अश्लील हरकतें करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। बच्ची ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसका मुंह दबा दिया और जान से मारने की धमकी दी और बाद में डर के चलते उसने दरवाजा खोल दिया।
बच्ची ने पिता को फोन कर बताई घटना
आरोपी के चंगुल से छूटते ही बच्ची अपने घर पहुंची और मोबाइल से पिता को फोन किया। उसने रोते हुए पूरी घटना बताई। जानकारी मिलते ही माता-पिता घर पहुंचे और बच्ची को लेकर थाने गए।
परिजन की शिकायत पर पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और अन्य संगीन धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की और मंगलवार दोपहर उसे गिरफ्तार कर लिया। गोला का मंदिर थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि बच्ची की शिकायत पर तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *