तिघरा डैम के 3 गेट खोले, सांक नदी में छोड़ा जाएगा करीब 40 एमसीएफटी पानी

ग्वालियर. तिघरा बांध के कैचमेंट एरिया और घाटीगांव क्षेत्र में हुई बारिश के बाद गुरूवार को एक बार फिर बांध के गेट खोल दिए गए, इसके साथ ही सांक नदी में पानी छोडा जाना शुरू हो गया। देर शाम तक तीनों गेट खुले हुए थे। बांध प्रबंधन के अनुसार इन गेटों से करीब 40 एमसीएफटी पानी सांक नदी में छोडा जाएगा। तिघरा के एसडीओ मयंक कटारे ने बताया कि कैचमेंट एरिया में बारिश होने के कारण बांध में पानी की आवक बढी है। जलस्तर को नियंत्रित रखने के लिए तीन गेट खोले गए है। बारिश का दौर जारी रहने और कैचमेंट एरिया से पानी की आवक को देखते हुए बांध के जलस्तर की लगातार निगरानी की जा रही है।
रात 8.30 बजे तक कुल 13.1 मिमी बारिश दर्ज की गई
इस मानसून सीजन में सितंबर के दौरान तिघरा बांध के गेट खोलने का यह तीसरा मौका है। इससे पहले 11 सितंबर और 13 सितंबर को भी तीन-तीन गेट खोले गए थे। दोनों बार गेट तीन-तीन फीट तक खोले गए थे। अब 17 सितंबर को फिर तीन गेट ढाई-ढाई फीट खोले गए है। गुरूवार को ग्वालियर में रात 8.30 बजे तक कुल 13.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। कैचमेंट क्षेत्र में बारिश के कारण बांध में पानी की आवक बढने पर प्रबंधन ने एहतियात के तौर पर पानी की निकासी शुरू की है। गेट खुलने से सांक नदी में पानी का प्रवाह बढ गया है। ऐसे में नदी के आसपास रहने वाले लोगों को सतर्क रहने और पानी के बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *