चुनाव खत्म होते ही सारे नेता गायब, कांग्रेस बड़े-बड़े वादे करती है चुनाव बाद इन्हें जनता ढूंढती है-डॉ. नरोत्तम मिश्रा
दतिया. पूर्व गृहमंत्री एवं भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि कांग्रेस के नेता चुनाव के वक्त समय जनता की बीच पहुंचकर बड़े-बड़े वादे करते हैं। लेकिन चुनाव खत्म होते ही गायब हो जाते हैं। चुनाव के बाद यह नेता जनता के बीच दिखाई नहीं देते है। रविवार को अपने एक दिवसीय दतिया प्रवास के दौरान डॉ. नरोत्तम मिश्रा ग्राम रिछरा में अहिरवार जाटव समाज के समारोह में शामिल हुए। यहां ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया और तुलादान कर सम्मानित किया।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने का कहा कि कांग्रेस चुनाव के दौरान बीजेपी पर संविधान बदलने जैसे आरोप लगाती है। जनता से कई वादे करती है। लेकिन विकास के मुद्दे पर उसकी भूमिका दिखाई नहीं देती है। उन्होंने सवाल उठाया कि चुनाव खत्म होने के बाद कांग्रेस के नेता कहां चले जाते हैं। जनता की समस्याओं के समाधान के लिये उनकी सक्रियता नजर क्यों नहीं आती है।
उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल चुनाव लड़ना और जीतना नहीं होना चाहिए, बल्कि जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र का विकास करना भी जरूरी है। डॉ. मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की सरकार को भी जनसेवा और विकास के लिए प्रतिबद्ध बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने और विकास को प्राथमिकता देने के लिए काम कर रही है। कार्यक्रम में भाजपा के जनप्रतिनिधि, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
