अवैध शराब से भरे ट्रक ने टीआई को कुचलने से हुई मौत, बचाया नहीं जा सका, चालक फरार
देवास. मध्यप्रदेश के देवास जिले में अवैध शराब तस्करी के विरोध में कार्यवाही के बीच में एक थाना प्रभारी के मारे जाने की घटना सामने आयी है। खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी रविवार-सोमवार की मध्यरात्रि 1.30 बजे अवैध शराब की तस्करी की खबर मिलने पर अपनी टीम के साथ इन्दौर-बैतूल हाइवे पर चेकिंग करने पहुंचे थे। इस बीच अवैध शराब से भरे एक आयशर वाहन के चालक ने ट्रक आगे बढ़ा दिया। जिससे वाहन का पिछले पहिया टीआई के ऊपर चढ़ गया। जिससे गंभीर से घायल टीआई को अस्पताल ले जाया गया। जहां उनकी जान नहीं बचाई जा सकी है।
खातेगांव थाना टीआई दिलीप पुरी को इलाके में अवैध शराब की तस्करी की खबर मिली थी। इसके बाद वह पुलिस टीम के साथ इन्दौर-बैतूल हाईवे पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच उन्होंने एक आयशर वाहन को रूकवाया और उसके चालक को नीचे उतरने के लिये कहा था।
ऐसा बताया जा रहा है कि थाना टीआई के चालक को नीचे उतरने के लिये कहने के दौरान ही चालक ने वाहन को डिवाइडर पर चढ़ाकर आगे बढ़ाने का प्रयास किया। इस बीच वाहन का पिछला पहिया टीआई दिलीप पुरी के ऊपर से निकल गया। घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गये। घटना के तत्काल बाद पुलिसकर्मी उन्हें गंभीर हालत में खातेगांव के एक निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उन्हें बचाने के लिये काफी देर तक सीपीआर दिया। लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
संदलपुर में वाहन छोड़कर फरार हुआ चालक
हादसे के बाद आयशर वाहन का चालक मौके से फरार हो गया. बताया जा रहा है कि आरोपी चालक ने वाहन को संदलपुर में छोड़ दिया और वहां से भाग निकला. पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही देवास के नवागत पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा सोमवार अलसुबह खातेगांव पहुंचे. थाना प्रभारी की मौत से पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है।
टीआई दिलीप कुमार पुरी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को गृह क्षेत्र धार जिले के राजोद थाना अंतर्गत बरमंडल ले जाया जा रहा है, जहां उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा. जानकारी के मुताबिक, दिलीप कुमार पुरी का परिवार फिलहाल इंदौर में रह रहा था. उनकी मौत से परिजनों और पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।
