कलेक्टर ने रक्तदान कर दिया मानवता की सेवा का प्रेरक संदेश
‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत लगे रक्तदान शिविर में शामिल हुए मंत्री
रक्तदाताओं का किया उत्साहवर्धन और कहा जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है ‘सेवा-संकल्प अभियान’
ग्वालियर – सेवा–संकल्प अभियान के तहत जिला चिकित्सालय मुरार में कलेक्टर रुचिका चौहान ने स्वयं रक्तदान कर मानवता की सेवा का प्रेरक संदेश दिया। उनका यह कदम केवल रक्तदान तक सीमित नहीं, बल्कि हर उस व्यक्ति के लिए प्रेरणा है जो किसी जरूरतमंद का जीवन बचाने में अपना योगदान दे सकता है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की जनसेवा को समर्पित ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुरुवार को ग्वालियर दक्षिण में कम्पू स्थित महावीर भवन में रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन कल्याण, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में सांसद भारत सिंह कुशवाह, नगर निगम सभापति मनोज तोमर व भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण भी शामिल हुए।
इस अवसर पर मंत्री श्री कुशवाह ने रक्तदाताओं से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया। साथ ही रक्तदान के लिए आए सभी नागरिकों की सेवा भावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि रक्तदान एक पुनीत कार्य है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने का माध्यम बन सकता है। समाज में सेवा और समर्पण की भावना को मजबूत करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के प्रति जागरूक और प्रेरित करना आवश्यक है। ‘सेवा संकल्प अभियान’ जनसेवा और जनभागीदारी की भावना को आगे बढ़ाने का माध्यम है। रक्तदान जैसे सेवा कार्य समाज में मानवता और परस्पर सहयोग की भावना को मजबूत करते हैं।
