ग्वालियर में ₹102 का डीजल निगम ₹132 में खरीद रहा, भुगतान अटका तो थमे सफाई-पानी के वाहन

ग्वालियर. नगर निगम का आर्थिक संकट अब शहर की जरूरी बुनियादी सुविधाओं पर असर डालने लगा है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के झांसी डिपो का समय पर भुगतान नहीं होने के कारण निगम के लिए आने वाला 12 हजार लीटर का टैंकर ग्वालियर नहीं पहुंचा। डीजल खत्म होने से रोड स्वीपिंग मशीन, विद्युत संधारण, फॉगिंग, सीवर सफाई, मदाखलत दस्ता, कचरा डंपर और पीएचई के पानी टैंकरों सहित कई वाहन खडे हो गए। इसका सीधा असर बुधवार रात होने वाले मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग पर पडा और सफाई पूरी तरह ठप रही। बुधवार को डीजल की आपूर्ति समय पर नहीं हुई तो शहर में कचरा परिवहन, फॉगिंग, सीवर सफाई, स्ट्रीट लाइट संधारण और जलापूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।
102 रुपए का डीजल निगम 132 रुपए में खरीद रहा
डीजल संकट के साथ ही निगम की खरीद व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे है। आईओसीएल से निगम को बल्क/कंज्यूमर रेट पर करीब 132 रुपए प्रति लीटर की दर से डीजल मिलता है। वहीं शहर के रिटेल पेट्रोल पंपों पर डीजल का भाव करीब 102 रुपए प्रति लीटर है। इस हिसाब से निगम करीब 30 रुपए प्रति लीटर महंगा डीजल खरीद रहा है। निगम ने कम कीमत पर स्थानीय पेट्रोल पंपों से डीजल खरीदने का विकल्प तलाश तो आईओसीएल की ओर से चेतावनी दी गई कि बाहर से डीजल खरीदने पर निगम की स्थायी बल्क सप्लाई बंद कर दी जाएगी। ऐसे में निगम महंगे डीजल और नियमित सप्लाई की निर्भरता के बीच फंसा हुआ है।
डीजल खत्म हुआ तो ये सेवाएं होंगी प्रभावित
पानी के टैंकर: लाइन बंद वाले इलाकों में पीएचई के टैंकर नहीं पहुंच पाएंगे।
रोड स्वीपिंग: मशीनों से होने वाली रात की सफाई प्रभावित होगी।
कचरा परिवहन: डंपरों के संचालन पर असर पड़ेगा।
फॉगिंग: मच्छर और डेंगू नियंत्रण की फॉगिंग प्रभावित होगी।
स्ट्रीट लाइट: बंद लाइटों के सुधार के लिए वाहन नहीं चल सकेंगे।
सीवर सफाई: सीवर सफाई के वाहनों का संचालन भी प्रभावित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *