बुलेट ट्रेन कॉरिडोर को मिली मंजूरी, दिल्ली से वाराणसी के बीच अयोध्या और लखनऊ भी जुड़ेंगे
नई दिल्ली. नई दिल्ली से वाराणसी तक बुलेट ट्रेन चलाई जाएगी। यह ट्रेन 1 घंटे में नई दिल्ली से आगरा और 3 घंटे 30 मिनट में वाराणसी पहुंच जाएगी। रेल मंत्री अश्वनी वैष्णव ने शनिवार को वाराणसी में बताया कि प्रधानमंत्री ने दिल्ली से वाराणसी-गुवाहाटी बुलेट ट्रेन के नॉर्दर्न कॉरिडोर को मंजूरी दे दी है। यह कॉरिडोर दिल्ली से शुरू होकर आगरा, कानपुर, लखनऊ और अयोध्या को जोडेगा। इसके बाद वाराणसी, पटना और सिलीगुडी होते हुए गुवाहाटी तक पहुंचेगा।

वाराणसी से दिल्ली की दूरी करीब 807 किलोमीटर है। तेजस और राजधानी जैसी ट्रेनों को यह दूरी तय करने में 10 घंटे से अधिक लगते है। बुलेट ट्रेन से यह सफर सिर्फ 3.30 घंटे में हो सकेगा। रेलवे सूत्रों के अनुसार सिलीगुडी से चलकर वाराणसी पहुंचने वाली बुलेट ट्रेन और वाराणसी से चलकर दिल्ली जाने वाली ट्रेन की टाइमिंग ऐसी रखी जाएगी कि यात्री एक ट्रेन से उतरकर दूसरे में सवार हो सकें। फ्लाइट से वाराणसी से दिल्ली जाने में 1 घंटा 40 मिनट लगते है। एयरपोर्ट पर जाने, विमान में सवार होने और लैंडिंग के बाद एयरपोर्ट से निकलने वाले समय को जोडें तो इस यात्रा में भी करीब 3 घंटे लग जाते है।
