त्योहार पर यात्रियों को राहत, दुर्ग-दिल्ली स्पेशल ट्रेन ग्वालियर में रात 2:30 बजे पहुंचेगी
ग्वालियर. दीपावली के बाद ट्रेनों में यात्रियों की बढती भीड को देखते हुए रेलवे ने दुर्ग से दिल्ली के बीच एक तरफा विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। गाडी संख्या 08795 दुर्ग-दिल्ली दीपावली विशेष ट्रेन दो नवंबर को दुर्ग से रवाना होगी। यह ट्रेन झांसी और ग्वालियर होते हुए अगले दिन दिल्ली पहुंचेगी। इससे छत्तीसगढ से उत्तर भारत की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा। रेलवे के अनुसार ट्रेन दुर्ग से सुबह 11 बजे रवाना होगी। रायपुर में इसका ठहराव सुबह 11.35 से 11.40 बजे तक रहेगा।
दिल्ली पहुंचेगी 8.30 बजे
इसके बाद उसलापुर, शहडोल, कटनी मुरवारा और सागर होते हुए यह ट्रेन तीन नवंबर की रात 1.30 बजे वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पहुंचेगी। यहां पांच मिनट के ठहराव के बाद रात 2.34 बजे ग्वालियर पहुंचेगी। ग्वालियर में दो मिनट रूकने के बाद ट्रेन आगरा कैंट और मथुरा होते हुए सुबह 8.30 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंचेगी। इस विशेष ट्रेन में कुल 18 एलएचबी कोच लगाए जाएंगे इनमें एक द्वितीय वातानुकूलित, 14 तृतीय वातानुकूलित, एक शयनयान और दो लगेज सह गार्ड कोच शामिल है। ट्रेन का संचालन केवल एक दिशा में दुर्ग से दिल्ली के लिए किया जाएगा।
