दीपावली से पहले आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन भुगतान के लिए शासन ने किया बजट आवंटित

ग्वालियर – दीपावली से पहले स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों को वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए शासन ने बजट आवंटित कर दिया है। इसके तहत मल्टी स्किल्ड ग्रुप-डी कर्मचारी, सफाईकर्मी, सुरक्षा गार्ड तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के सपोर्ट स्टाफ के लंबित वेतन भुगतान की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला प्रशासन के प्रयासों से कार्यरत अतिरिक्त कर्मचारियों के भुगतान की स्वीकृति भी प्राप्त हुई है। लंबे समय से लंबित भुगतान की मांग कर रहे कर्मचारियों को इससे राहत मिलेगी।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राप्त बजट से दो एजेंसियों के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों के लंबित वेतन का भुगतान कर दिया गया है। इनमें सनशाइन सिक्युरिटी एंड सर्विस प्राइवेट लिमिटेड, न्यू कांच मिल, बिरला नगर तथा शर्मा सर्विस सिक्युरिटी एजेंसी, मोहन नगर, थाटीपुर शामिल हैं।
भुगतान के तहत मल्टी स्किल्ड ग्रुप-डी कर्मचारियों को मई 2026 तक तथा सुरक्षा कर्मियों को जुलाई 2026 तक का वेतन दिया गया है। इसी प्रकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत सफाई कर्मचारियों को मई 2026 तक तथा डाटा एंट्री ऑपरेटर (डीईओ) एवं सपोर्ट स्टाफ को जुलाई 2026 तक का भुगतान कर दिया गया है।
विभागीय कार्यालय द्वारा दोनों एजेंसियों को पत्र जारी कर निर्देश दिए गए हैं कि सभी पात्र कर्मचारियों को नियमानुसार दीपावली से पहले लंबित वेतन का भुगतान सुनिश्चित करें। साथ ही भुगतान प्राप्त करने वाले कर्मचारियों की सूची कार्यालय में प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। एजेंसियों को शेष देयकों को भी शीघ्र जमा करने के निर्देश दिए गए हैं। इस पहल से स्वास्थ्य विभाग में विभिन्न सेवाओं से जुड़े आउटसोर्स कर्मचारियों को दीपावली से पहले लंबित वेतन मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *