ग्वालियर में प्रदेश का स्थापना दिवस बना किसानों के लिये खुशियों का उत्सव
ग्वालियर, – मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर ग्वालियर में आयोजित जिला स्तरीय समारोह उस समय किसानों की खुशियों का उत्सव बन गया, जब कृषि क्विज प्रतियोगिता के विजेता किसानों को राज्य शासन की ओर से ट्रेक्टर, बुलट मोटरसाइकिल और स्कूटी जैसे बड़े पुरस्कार प्रदान किए गए। पुरस्कार पाने वाले किसानों के साथ-साथ समारोह में मौजूद नागरिकों ने भी प्रदेश सरकार की इस अनूठी पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।
राज्य शासन द्वारा किसान कल्याण स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत आयोजित कृषि क्विज प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले किसानों को ग्वालियर में मेला परिसर में आयोजित हुए स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि एवं विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर ने क्रमशः ट्रेक्टर, बुलट मोटरसाइकिल और स्कूटी की राशि प्रदान की।
भितरवार विकासखंड के ग्राम खेड़ा निवासी युवा कृषक कृष्णा रावत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। विधानसभा अध्यक्ष ने उन्हें ट्रेक्टर के लिए 7 लाख 26 हजार रुपए का प्रतीकात्मक चैक और ट्रेक्टर की चाबी सौंपी। भितरवार विकासखंड के ग्राम बेरनी निवासी रामबरन सिंह परिहार द्वितीय स्थान पर रहे। उन्हें बुलट मोटरसाइकिल के लिए 1 लाख 68 हजार रुपए का प्रतीकात्मक चैक और मोटरसाइकिल की चाबी प्रदान की गई। भितरवार विकासखंड के ही ग्राम सोताखिरिया निवासी श्री कुबेर सिंह बघेल को तृतीय पुरस्कार के रूप में स्कूटी के लिए 1 लाख 20 हजार रुपए की राशि और स्कूटी की चाबी दी गई।
किसान बोले सोचा नहीं था, इतना बड़ा पुरस्कार मिलेगा
ट्रेक्टर पाकर भावविभोर युवा किसान कृष्णा रावत ने कहा मैंने कभी सोचा भी नहीं था कि इस प्रतियोगिता में मुझे 7 लाख 26 हजार रुपए का ट्रेक्टर मिलेगा। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के प्रति आभारी हूँ। इससे केवल मुझे ही नहीं, ग्वालियर जिले सहित पूरे प्रदेश के किसानों को प्रोत्साहन मिला है। कृषक रामबरन सिंह परिहार ने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ किसानों को उन्नत खेती के लिए प्रेरित करती हैं और यह सरकार की किसान हितैषी योजनाओं की सजीव मिसाल हैं।
