ग्वालियर का महाराज बाड़ा दीपावली से पहले जाम

ग्वालियर। दीपावली से पहले महाराज बाड़ा फुटपाथियों एवं ऑटो, टमटम एवं ठेले वालों के कारण पूरी तरह से जाम हो चुका है। हालत यह है कि यहां से 2 पहिया वाहन निकालने में भी लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है, वहीं दूसरी ओर पैदल चलने वालों तक के लिए जगह नहीं बची है। गजराराजा कन्या विद्यालय से लेकर छत्री मंडी, सराफा बाजार, माधवगंज चौराहे तक जाम के कारण हालत बेहद खराब है। हालत यह है कि जगह-जगह फुटपाथियों ने अपना कब्जा जमा लिया है, वहीं सब्जीवालों के इंतजार में टमटम, ऑटो, विक्रम 60%  सड़कों पर आड़ी-तिरछी खड़ी रहती हैं, जिसके कारण आमजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
महाराज बाड़ा सहित आसपास के पूरे क्षेत्र के हालात खराब हैं, जिसके कारण आमजनों को चलना तक मुश्किल हो रहा है। हालत यह है माधोगंज चौराहे से फुटपाथियों ने सड़क पर अपना कब्जा जमाया हुआ है, जो कि महाराज बाड़ा सहित आसपास के पूरे क्षेत्र में जमा हैं। इसके कारण महाराज बाड़ा पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी हुई है, वहीं दूसरी ओर मदाखलत अमला भी हाथ पर हाथ धरे बैठा हुआ है। हालत यह है कि मदाखलत अमले की गाड़ियां आने के बाद भी अब फुटपाथ कारोबारी अपनी जगह नहीं छोड़ते हैं। इसके कारण मदाखलत अमला और फुटपाथ कारोबारियों की मिलीभगत को माना जा रहा है।
पैदल निकलना भी मुश्किल
महाराज बाड़े से पैदल निकलना भी मुश्किल हो रहा है। टाउन हॉल के सामने बैरिकेड के अंदर फुटपाथियों ने कब्जा जमा लिया है, जबकि बैरिकेड के बाहर ठेलेवालों का कब्जा है, वहीं दूसरी तरफ पार्क की बाउंड्री के पास फुटपाथिये अपना फड़ जमाए बैठे हुए हैं। इससे लोगों का निकलना बहुत टेढ़ी खीर साबित होता है।
जाम में फंस रहे वाहन व राहगीर
महाराज बाड़ा गोलंबर के चारों ओर फुटपाथियों एवं ठेले वालों ने अपना कब्जा जमा लिया है। हालत यह है कि गोलंबर के चारों तरफ वाहनों का जाम लगा रहता है। पास ही पुलिस चौकी है, साथ ही गोलंबर के पास पुलिस का वॉच टॉवर भी है, लेकिन वॉच करने वाला कोई नहीं है।
पुलिस चौकी और क्षेत्रीय कार्यालय मौजूद पर कार्रवाई नहीं
महाराज बाड़ा पर पुलिस चौकी एवं स्मार्ट सिटी पार्किंग के पास सामने नगर निगम का क्षेत्रीय कार्यालय है, इसके बाद भी यहां पर ध्यान देने वाला कोई नहीं है। हालत यह है कि सभी ने अपनी आंखें बंद कर रखी हैं, इनके सामने ट्रैफिक जाम रहता है और यह सिर्फ तमाशा देखते रहते हैं।
आपने कहा
महाराज बाड़ा से अतिक्रमण हटाने के लिए मैं आज ही अपनी टीमों को भेजता हूं। यहां पर हालात काफी खराब कर दिए हैं।
केशव चौहान, नोडल अधिकारी मदाखलत, नगर निगम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *