रजिस्टार के इस्तीफे को लेकर 8वें दिन भी धरना पर बैठे छात्र-छात्रायें

ग्वालियर. लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षण संस्थान (एलएनआईपीई) के मुख्य द्वार पर रजिस्टार को हटाने की मांग को लेकर धरना 8वें दिन भी जारी है। दिनभर संस्थान प्रबंधन ने ग्वालियर पुलिस की मौजूदगी में छात्रों से चर्चा कर आन्दोलन समाप्त कराने का प्रयास किया। लेकिन सहमति नहीं बन पाई। छात्रों ने रजिस्ट्रार प्रो. यतेन्द्र ािसंह के इस्तीफ और मृत छात्रा श्रुति उपाध्याय के परिजनों को 50 लाख रूपये का मुआवजा देने सहित 6 मांगों पर लिखित आश्वासन की मांग पर डटे हैं।
छात्रों ने बताया कि जब तक मांगों पर स्पष्ट निर्णय, लिखित आश्वासन और समय-सीमा नहीं दी जाती, तब तक धरना जारी रहेगा। इससे पहले मंगलवार को 7 दिन के आन्दोलन के बाद भी कुलगुरू प्रो. कल्पना शर्मा और संस्थान के अधिकारियों के साथ छात्रों की लगभग 3.30-4 घंटे बैठक चली। छात्रों के मुताबिक बैठक 6 मांगों में से किसी पर भी स्पष्ट लिखित आश्वासन नहीं मिला। छात्रों ने बताया कि प्रबंधन की तरफ से बार-बार जांच की बात कहीं गयी। ऐसा बताया गया कि जांच पूरी होने में 5-6 माह लग सकते हैं। छात्रों ने कहा है कि यदि मांगों पर लिखित आश्वासन के साथ डेडलाइन दी जाती है तो वह आन्दोलन समाप्त करने पर विचार कर सकते है।
कुलगुरु ने मांगों को लेकर नोट दिखाया, रजिस्ट्रार को लेकर असमंजस
बातचीत के दौरान कुलगुरु ने छात्रों को एक नोट भी दिखाया, जिसमें उनकी मांगों को स्वीकार किए जाने की बात कही गई। हालांकि, छात्रों का कहना है कि रजिस्ट्रार के इस्तीफे को लेकर स्थिति अभी भी स्पष्ट नहीं है।छात्रों ने कहा कि वे रजिस्ट्रार के इस्तीफे की मांग पर कायम हैं और केवल मौखिक आश्वासन के आधार पर आंदोलन खत्म नहीं करेंगे।
छात्रों का आरोप है कि संस्थान प्रशासन की जिम्मेदारी होने के कारण पूरे मामले की जवाबदेही रजिस्ट्रार की तय होनी चाहिए। उनका कहना है कि आंदोलन के दौरान संस्थान की ओर से मीडिया के सामने दिए गए बयानों में भी रजिस्ट्रार प्रमुख रूप से सामने रहे हैं, इसलिए वे उनसे जवाबदेही चाहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *