भारतीय जूनियर महिला खिलाड़ी कृष्णा शर्मा का ग्वालियर पहुंचने पर हुआ स्वागत और पुष्प वर्षा

ग्वालियर. युवा हॉकी खिलाड़ी कृष्णा शर्मा ने अंतरराष्ट्रीय हॉकी में शहर का नाम रोशन किया है। जूनियर महिला हॉकी एशिया कप 2026 के फायनल मुकाबले में भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने चीन को 1-0 से हराकर खिताब जीता है। इस ऐतिहासिक जीत में शामिल रही ग्वालियर की कृष्णा शर्मा ने पूरे टूर्नामेंट में फारवर्ड के रूप में अपने तेज खेल, ड्रिब्लिंग और आक्रामक अन्दाज में प्रभाव डाला।
मप्र महिला हॉकी अकादमी से खेलते हुए आगे बढ़ी कृष्णा के लिये भारतीय टीम तक पहुंचने का सफर आसान नहीं रहा है। लगभग 8-10 के संघर्ष और लगातार अभ्यास के बाद उन्हें अंतर राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिला। खिताब जीतने के बाद ग्वालियर लौटने पर परिजनों और शुभचिंतकों ने उनका शानदार स्वागत किया।
कृष्णा ने कहा कि उन्हें इस उपलब्धि पर बहुत खुशी है। उन्होंने ग्वालियर से हॉकी की शुरुआत की थी और जो लक्ष्य उन्होंने तय किया था, उसे धीरे-धीरे पा रही हैं। अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचना और वहां खेलना आसान नहीं था। इसके लिए उन्होंने कई वर्षों तक संघर्ष किया है। एशिया कप की जीत से उन्हें संतोष मिला है, लेकिन उनका लक्ष्य अभी पूरा नहीं हुआ है।
उन्होंने बताया कि भारतीय टीम के साथ उन्हें नए खिलाड़ी जैसा नहीं लगा। कोच, स्टाफ और साथी खिलाड़ियों ने उन्हें पूरा सहयोग दिया और सभी ने उनका बहुत अच्छे से साथ दिया। अब उनका पूरा ध्यान अभ्यास और अगले साल होने वाले विश्व कप की तैयारी पर है। कृष्णा ने कहा कि वह लगातार मेहनत करेंगी, ताकि उनका विश्व कप के लिए चयन हो और वह भारत की जर्सी में वहां भी खेल सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *