अरब सागर में भारतीय युद्धपोत से भिड़ा पाकिस्तानी नेवी शिप, दिल्ली में PAK अधिकारी तलब
नई दिल्ली. पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज अरब सागर के अंतरराष्ट्रीय क्षेत्र में भारतीय नौसेना के जहाज से टकरा गया। घटना शाम 7.10 पीएम की है। इससे पहले 2011 में भी दोनों देशों के जहाजों में टक्कर हुई थी। भारतीय विदेश मंत्रालय के अनुसार भारतीय युद्धपोत नियमित निगरानी मिशन पर था। इसी दौरान पाकिस्तानी जहाज तेज रफ्तार में आया और गलत दिशा में मुड गया जिससे दोनों जहाज टकरा गए।

सूत्रों के अनुसार पाकिस्तानी जहाज का नाम पीएनएस हुनैन है। इसे समुद्री निगरानी और गश्त के लिए इस्तेमाल किया जाता है। टक्कर में इसको नुकसान पहुंचा है। हालांकि भारतीय नौसेना के जिस जहाज से इसकी टक्कर हुई इसका पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद भारत ने नई दिल्ली में पाकिस्तान हाई कमीशन के चार्ज डी अफेयर्स को तलब किया और कडा विरोध दर्ज कराया। भारत ने घटना को अस्वीकार्य और गैर-पेशेवर बताया।
भारतीय नौसेना का एक युद्धपोत उत्तर अरब सागर में नियमित निगरानी मिशन पर था। इसी दौरान पाकिस्तानी नौसेना का एक जहाज तेज रफ्तार से भारतीय जहाज के करीब आ गया। पाकिस्तानी जहाज ने जिस तरह अपनी दिशा बदली उसे असुरक्षित और गैर-पेशेवर बताया गया है। इसके बाद दोनों जहाजों के बीच दूरी लगातार कम होती गई और आखिर में वे आपस में टकरा गए।
