बैजाताल सहित जिले के अन्य कस्बों में नदियों व तालाबों के घाट “आशीर्वाद के दीये” से जगमग होंगे
सेवा-संकल्प अभियान के पहले दिन सांध्य बेला में होगा “आशीर्वाद का दीया” कार्यक्रम
ग्वालियर – ऐतिहासिक नगरी ग्वालियर के बैजाताल सहित जिले के विभिन्न कस्बों के नजदीक से होकर बह रहीं नदियों एवं तालाबों के घाट 17 सितम्बर की सांध्य बेला में “आशीर्वाद का दीया” से जगमग होंगे। मौका होगा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितम्बर से शुरू होने जा रहे “सेवा-संकल्प अभियान” का । इसके अलावा जिले भर के विभिन्न गाँवों व कस्बों में निवासरत लाभार्थियों के घरों में भी आशीर्वाद के दीप जलेंगे। अभियान के पहले दिन जिला चिकित्सालय मुरार में रक्तदान शिविर का आयोजन भी होगा। इस दिन सांध्य बेला में सरकारी अस्पतालों, आयुष्मान भारत योजना में सूचीबद्ध अस्पतालों एवं स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों के घरों पर भी आशीर्वाद के दीये प्रज्ज्वलित होंगे।
“मध्यप्रदेश स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन” अभियान भी शुरू होगा। जिसके तहत जिले के आबादी भूमि व परिसम्पत्ति की नि:शुल्क रजिस्ट्री कर लोगों को वास्तविक मालिकाना हक दिलाया जायेगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान के दौरान जन-सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सहभागिता, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों, युवाओं, महिलाओं, स्व-सहायता समूहों, वरिष्ठ नागरिकों तथा सामाजिक-आध्यात्मिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी निभायेंगे, जिससे अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
बैजाताल पर 11 हजार “आशीर्वाद के दीये” प्रज्ज्वलित
पहले दिन सायंकाल लगभग 6.30 बजे ग्वालियर में बैजाताल पर जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित होगा। जिसमें जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक एवं लाभार्थी सामूहिक रूप से लगभग 11 हजार “आशीर्वाद के दीये” प्रज्ज्वलित करेंगे। नगर निगम ग्वालियर के सभी वार्डों में भी लोग स्वेच्छा से आशीर्वाद के दीये प्रज्ज्वलित करेंगे। डबरा के सभी वार्डों व सिंध नदी घाट भगवान शंकर महादेव मंदिर पर कुल लगभग 15 हजार, नगर पंचायत पिछोर में सभी वार्डों व कालिन्द्री पर कुल 3750, नगर पंचायत बिलौआ में सभी वार्डों व यहां के तालाब पर कुल 3750, नगर पंचायत आंतरी में सभी वार्डों व रामलाल तालाब पर कुल 3750, नगर पंचायत मोहना में सभी वार्डों व पार्वती नदी घाट पर कुल 3750 एवं नगर पंचायत भितरवार में सभी वार्डों व दिहादाह घाट पर कुल 3750 दीप प्रज्ज्वलित होंगे।
बेसली नदी सिरसौद पर 1100, जनपद पंचायत घाटीगांव के अंतर्गत चौरसिया तालाब बरई पर 1100, जनपद पंचायत डबरा के अंतर्गत मकोड़ा तालाब पर 1100 एवं जनपद पंचायत भितरवार के अंतर्गत धूमेश्वर महादेव मंदिर के समीप नदी घाट पर 1100 आशीर्वाद के दीये प्रज्ज्वलित किए जायेंगे। जिले की सभी ग्राम पंचायतों में भी 500 से लेकर 1000 तक दीप प्रज्ज्वलित होंगे।
