ग्वालियर में तीन दिन बाद खुला शिंदे की छावनी मार्ग

ग्वालियर. शिंदे की छावनी में बार-बार फूट रही मुख्य पेयजल लाइन की मरम्मत के लिए तीन दिन से बंद सड़क को काम पूरा होने के बाद वाहनों के लिए खोल दिया गया। मार्ग खुलते ही यहां से वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई। इससे वैकल्पिक रास्तों पर बढ़ा यातायात भी सामान्य होने लगा। खासतौर पर भैंस मंडी मार्ग पर तीन दिन से बना अतिरिक्त दबाव कम हुआ, जबकि फालका बाजार क्षेत्र में भी यातायात व्यवस्था सामान्य हो गई। रामदास घाटी से शिंदे की छावनी आने वाले मार्ग पर खल्लासीपुरा के पास सड़क के नीचे से ग्वालियर पूर्व विधानसभा क्षेत्र की कई पानी की टंकियों को भरने वाली मुख्य पेयजल लाइन गुजर रही है। यह लाइन पिछले कुछ समय से लगातार परेशानी का कारण बनी हुई थी।
यातायात हो रहा था प्रभावित
करीब हर 10 दिन में लाइन में लीकेज या टूट-फूट की समस्या सामने आ रही थी। लाइन फूटने पर सड़क की खुदाई कर मरम्मत करनी पड़ती थी, जिससे यातायात प्रभावित होता था। इस बार लाइन में आई खराबी की मरम्मत के लिए नगर निगम के पीएचई विभाग ने सड़क का एक हिस्सा यातायात के लिए बंद किया था।
तीन दिन तक चले काम के दौरान लाइन की मरम्मत के साथ उसे मजबूती देने पर भी काम किया गया। विभाग ने पाइप लाइन के आसपास बने छेदों में लेड भरने के बाद पाइप के चारों तरफ सीसी का मजबूत आधार तैयार किया। इसका उद्देश्य पाइप लाइन को आसपास के दबाव से सुरक्षित रखना और बार-बार होने वाली टूट-फूट की समस्या को कम करना था।
वैकल्पिक रास्तों पर बढ़ा दबाव
स्थानीय लोगों का कहना है कि, मुख्य पेयजल लाइन के बार-बार फूटने से सड़क की खुदाई और मरम्मत के कारण आवागमन प्रभावित होता है। ऐसे में इस बार पाइप लाइन के आसपास सीसी का मजबूत आधार तैयार किए जाने से उम्मीद है कि समस्या की पुनरावृत्ति कम होगी। मरम्मत का काम पूरा होने के बाद निगम ने मार्ग को दोबारा खोल दिया है।
बता दें कि, सड़क बंद होने के कारण शिंदे की छावनी की ओर आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकलना पड़ रहा था। इसका असर भैंस मंडी मार्ग और फालका बाजार क्षेत्र में दिखाई दे रहा था। इन मार्गों पर सामान्य दिनों की तुलना में वाहनों का दबाव बढ़ गया था। सड़क खुलने के बाद अब मुख्य मार्ग पर यातायात लौटने से इन क्षेत्रों में भी स्थिति सामान्य हो गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *