200 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ किसानों का भोपाल कूच

भोपाल. अधिक बारिश से बर्बाद हुई फसलों को लेकर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। इसके बाद भारतीय किसान संघ के बैनर तले नजीराबाद, बैरसिया और हुजूर के सैकड़ों किसान 200 से ज्यादा ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर भोपाल कूच कर गए। रात में बैरसिया रोड स्थित ईंटखेड़ी रुके और यही पर भोजन किया। किसानों की बुधवार को कलेक्टोरेट घेरने की रणनीति थी। इसके चलते उन्होंने रात में ही ईंटखेड़ी में डेरा डाल दिया। किसानों के प्रदर्शन के चलते कलेक्टोरेट के मुख्य गेट पर बैरिकेडिंग कर दी गई। रात 10.30 बजे तक किसान अपनी जिद पर अड़े रहे, लेकिन मौके पर एडीएम प्रकाश नायक ने कलेक्टर प्रियंक मिश्रा से वीडियो कॉल पर किसानों की बात कराई।

ईंटखेड़ी में किसानों ने डेरा डाला। इसके बाद एडीएम प्रकाश नायक पहुंचे। जिन्हें ज्ञापन सौंपा गया। - Dainik Bhaskar
5 मिनट चली बातचीत
किसान और कलेक्टर के बीच करीब पांच मिनट तक वीडियो कॉल पर बातचीत चलती रही। जिसमें कलेक्टर मिश्रा ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों का उचित निराकरण किया जाएगा। कलेक्टर के आश्वासन के बाद किसान मान गए और उन्होंने कलेक्टोरेट घेराव का कार्यक्रम स्थगित कर दिया। भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री देवेंद्र सिंह दांगी ने बताया कि कलेक्टर, एडीएम से बातचीत की गई। उन्होंने समस्याओं के निराकरण का भरोसा दिलाया। इसके बाद प्रदर्शन स्थगित कर दिया है। बुधवार को कलेक्टोरेट का घेराव नहीं करेंगे।
किसानों का कहना था कि खराब मौसम और इल्ली के प्रकोप से सोयाबीन और उड़द समेत खरीफ की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं, लेकिन 2024-25 का फसल बीमा आज तक नहीं मिला है। इससे पहले उन्होंने नजीराबाद से रैली निकाली, जो बैरसिया पहुंची। इसके बाद किसान भोपाल की ओर कूच कर गए। यहां पर किसानों ने अधिकारियों की बात मानने से इनकार कर दिया था। बस स्टैंड चौराहे पर ही बैरसिया एसडीएम को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंप दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *