शिक्षा के क्षेत्र में डॉ. दीप्ति भार्गव को ‘नेशनल टीचर अवॉर्ड्स 2026’ से सम्मानित

ग्लोबल एलीट मीडिया एंड टेक द्वारा पुणे में आयोजित हुआ सम्मान समारोह
पुणे -शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. दीप्ति भार्गव को ‘नेशनल टीचर अवॉर्ड्स 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह ग्लोबल एलीट मीडिया एंड टेक द्वारा पुणे के प्रतिष्ठित सिम्बायोसिस कॉलेज में आयोजित किया गया। ‘नेशनल टीचर अवॉर्ड्स 2026’ का आयोजन शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को सम्मानित करने तथा समाज के निर्माण में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित करने के उद्देश्य से किया जाता है । समारोह में शिक्षकों एवं शिक्षाविदों के समर्पण, उपलब्धियों और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को सम्मानित किया किया गया।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सम्मानित हो चुकी हैं डॉ. भार्गव
डॉ. दीप्ति भार्गव की शैक्षणिक उपलब्धियों को इससे पूर्व भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल चुकी है। नवंबर 2025 में नई दिल्ली में आयोजित ‘ग्लोबल एजुकेशन समिट’ में उन्हें प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय ‘ग्लोबल टीचर अवॉर्ड 2025’ से सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उन्हें साहित्य, अनुसंधान एवं शिक्षण के क्षेत्र में उनके विशिष्ट योगदान तथा छात्र-केंद्रित नवोन्मेषी शिक्षण पद्धतियों के लिए प्रदान किया गया। प्रदान किया। इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में विभिन्न देशों से आए शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं एवं भाषा विशेषज्ञों ने सहभागिता की। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता और वैश्विक स्तर पर शिक्षकों के योगदान को पहचान देने वाले इस आयोजन में डॉ. भार्गव की उपलब्धि को विशेष रूप से उल्लेखनीय माना गया।
पिछले 14 वर्षों से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय डॉ. दीप्ति भार्गव वर्तमान में प्रोग्रेसिव एजुकेशन सोसायटी के मॉडर्न लॉ कॉलेज, पुणे में असिस्टेंट प्रोफेसर के रूप में कार्यरत हैं। अपने दीर्घ शैक्षणिक अनुभव के दौरान उन्होंने शिक्षा, भाषा और अनुसंधान के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते हुए विद्यार्थियों के अकादमिक एवं समग्र विकास में योगदान दिया है। उनके शोध क्षेत्र प्राचीन भारतीय साहित्य, यात्रा वृत्तांत, उपनिवेशोत्तर अध्ययन और साहित्यिक समालोचना जैसे विविध विषयों को आधारित हैं उन्होंने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अनेक शोधपत्र प्रस्तुत किए हैं
डॉ. दीप्ति भार्गव ने दो पुस्तकों का लेखन भी किया है, जिनके माध्यम से उन्होंने अकादमिक एवं शोधपरक विषयों को व्यापक पाठक वर्ग तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण प्रयास किया है। उनका लेखन उनके अकादमिक अनुभव, शोध अभिरुचि और ज्ञान के प्रसार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
शिक्षा सेवा की विरासत से जुड़ा परिवार
उल्लेखनीय है कि डॉ. दीप्ति भार्गव, लहार-आलमपुर क्षेत्र में शिक्षा के अग्रदूत, प्रख्यात समाजसेवी एवं पूर्व विधायक स्वर्गीय पंडित राघवराम चौधरी जी की पौत्रवधू हैं। पंडित राघवराम चौधरी ने क्षेत्र में अनेक शिक्षण संस्थानों की स्थापना कर शिक्षा के प्रसार में अतुलनीय योगदान दिया। उनकी इसी गौरवशाली शैक्षणिक विरासत को डॉ. दीप्ति भार्गव शिक्षा, साहित्य, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ा रही हैं। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिले प्रतिष्ठित शिक्षक सम्मान उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों और समर्पण का प्रमाण हैं। उनकी यह उपलब्धि न केवल चौधरी परिवार एवं उनके संस्थान, बल्कि समूचे भिंड जिले के शैक्षणिक जगत के लिए गौरव का विषय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *