देर रात बिलौआ खदान क्षेत्र पहुंचे कलेक्टर-एसएसपी, खनन गतिविधियों का लिया जायजा
ग्वालियर में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए प्रशासन द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कलेक्टर रुचिका चौहान एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने रविवार की देर रात संबंधित अधिकारियों तथा खनिज विभाग की टीम के साथ बिलौआ खदान क्षेत्र का संयुक्त निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने खदान क्षेत्रों में मौके की स्थिति का बारीकी से परीक्षण किया। साथ ही खदान क्षेत्र में गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी बनाए रखने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश खनिज विभाग की टीम को दिए। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों एवं वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।
