ग्वालियर में स्कूल बस पर हमला: हार्न बजाने से नाराज पिता-पुत्र ने बरसाए पत्थर
ग्वालियर. एएमआई शिशु मंदिर की बस पर शराब के नशे में धुत्त पिता-पुत्र ने पथराव कर दिया। इन दोनों ने हार्न बजाने पर ड्राइवर को बस से खींचकर पीटा। फिर बस की तोड़फोड़ भी कर दी। बस में बच्चे सवार थे। बच्चे घबरा गए। इस मामले में पड़ाव थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। दोनों को पकड़कर पुलिस थाने ले आई। थाने पहुंचते ही दोनों माफी मांगने लगे।
बस चालक से मारपीट की इसके बाद बस की तोड़फोड़ की
हजीरा क्षेत्र में रहने वाले राजेंद्र सिंह सेंगर की बस एएमआई शिशु मंदिर में अटैच है। ड्राइवर शेर सिंह राजावत बस चलाता है। वह सुबह बस लेकर आरपी कॉलोनी में पहुंचा। बच्चे लेकर वह स्कूल जा रहा था। रास्ते में रघुवीर सिंह तोमर और उसका बेटा भरत तोमर शराब पीकर हंगामा कर रहे थे। दोनों बीच सड़क पर खड़े थे। ड्राइवर ने हार्न बजाया तो यह आक्रोशित हो गए। दोनों ने चालक को नीचे खींच लिया और मारपीट की। इसके बाद बस की तोड़फोड़ भी कर दी।
शिकायत आई तो तुरंत एफआईआर दर्ज की
क्षेत्रवासियों के मुताबिक उस समय बच्चे भी थे। बच्चे घबरा गए। इस घटना की शिकायत पड़ाव थाना पुलिस से की गई। पड़ाव थाना प्रभारी शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि जैसे ही शिकायत आई तो तुरंत एफआईआर दर्ज की। पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर थाने ले आए थे। थाना प्रभारी का कहना है- बस में बच्चे नहीं थे।
पुलिस को देखकर भागे-पीछा कर पकड़ा
इस घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस तुरंत यहां पहुंच गई थी। पुलिस को देखकर यह दोनों भागने लगे। पीछा कर पकड़ लिया, फिर पुलिस ने बीच सड़क पर ही इनमें थप्पड़ जड़े। पुलिस ने कुछ दूर पैदल चलाया। इसके बाद गाड़ी में बैठाकर थाने ले जाया गया। एफआईआर मारपीट और धमकाने के मामले में की गई थी, इसलिए कुछ देर बाद नोटिस देकर छोड़ दिया गया।
