चंबल-कोतवाल जल परियोजना के कार्यों में तेजी के निर्देश, आयुक्त ने किया स्थल निरीक्षण
ग्वालियर। रविवार को चंबल नदी एवं कोतवाल डैम से ग्वालियर शहर में पानी लाए जाने की महत्वाकांक्षी परियोजना के अंतर्गत निर्माणाधीन विभिन्न कार्यों का स्थल नगर निगम आयुक्त अभिषेक चौधरी ने निरीक्षण किया। उन्होंने परियोजना के प्रमुख घटकों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को कार्यों में तेजी लाने तथा निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जडेरुआ स्थित पाइप निर्माण फैक्ट्री का निरीक्षण किया। इसके साथ ही कुवारी, आसन एवं सांक नदियों पर निर्माणाधीन ब्रिज, डक्ट निर्माण स्थल तथा कोतवाल बांध स्थित इंटेक वेल का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रत्येक कार्य की वर्तमान प्रगति, आवश्यक संसाधनों एवं आगामी कार्ययोजना के संबंध में अधिकारियों से विस्तार से जानकारी ली।
निगम आयुक्त ने परियोजना के सभी प्रमुख कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों, पीडीएमसी एवं ठेकेदार को आगामी 15 दिवस के लिए स्पष्ट कार्य-लक्ष्य निर्धारित किए। निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्यों की गति बढ़ाई जाए तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त संसाधन, मशीनरी एवं श्रमिकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि परियोजना शहर की भविष्य की पेयजल आवश्यकताओं की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी कार्यों में गुणवत्ता के साथ तेजी सुनिश्चित की जाए। साथ ही निर्माण कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए किसी भी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या का तत्काल निराकरण किया जाए। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त प्रतीक राव, कार्यपालन यंत्री पुष्पेंद्र श्रीवास्तव, टाटा पीडीएमसी के प्रतिनिधि तथा संबंधित ठेकेदार के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
