ग्वालियर पहुंचने से पहले पकड़ा गया 1.07 करोड़ का गांजा, तस्कर गिरफ्तार

ग्वालियर. भुवनेश्वर से 2 क्विंटल से अधिक गांजा लादकर ग्वालियर जा रहे तस्करों ने लगभग 1200 किलोमीटर का सडक सफर तय कर लिया। ग्वालियर पहुंचने के लिए उन्हें लगभग 120 किलोमीटर और चलना था लेकिन इससे पहले ही बबीना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने हाईवे पर ट्रक को पकड लिया। लंबी दूरी के दौरान ट्रक ने कई पुलिस, परिवहन विभाग और अन्य जांचों के साथ टोल प्लाजा पार किए लेकिन बबीना में पुलिस की सतर्कता से तस्करों का नेटवर्क बेनकाब हो गया।
तलाशी लेने पर 214 किलो गांजा बरामद हुआ
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि बीते रोज बबीना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम हाईवे पर सुकुवां-ढुकुवां रोड में नयाखेडा की ओर एक फार्म हाउस के सामने चेकिंग कर रही थीं। इसी दौरान टीम ने संदिग्ध ट्रक को चिन्हित कर रोक लिया। तलाशी लेने पर उसमें 214 किलो गांजा बरामद हुआ। बाजार में इसकी कीमत 1 करोड 7 लाख रुपये बताई गई है। मौके से जिला पानीपत के सौदापुरा निवासी ट्रक ड्राइवर सतपाल और ग्वालियर के सिंधिया नगर निवासी मोहन कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में मोहन ने बताया कि उसका पडोसी आकाश कुशवाहा गांजे का काम करता है। वह उसके साथ किराये की कार से भुवनेश्वर गया था। यहां आकाश ने अपने साथियों से ट्रक में गांजा लोड कराया। इसके बाद दोनों के मोबाइल फोन बंद करा दिए गए। उन्हें ग्वालियर पहुंचकर मोबाइल चालू कर फोन करने को कहा गया था ताकि गांजा उतरवाया जा सके। इसके बदले मोहन को 30 हजार और ड्राइवर सतपाल को 1 लाख रुपये देने की बात कही गई थी। ड्राइवर सतपाल ने बताया कि ट्रक लुधियाना निवासी परिचित सुरेश कुमार का है जिसे वह किराये पर चलाता है।
मथुरा से माल छोडकर विजयवाडा जाते समय ग्वालियर निवासी उमराव सिंह रावत उर्फ कल्लू का फोन आया था। उसने भुवनेश्वर में आकाश से सम्पर्क करने के बदले 1 लाख रुपये देने की बात कहीं। 7 सितंबर को भुवनेश्वर में आकाश से मिलने के बाद ट्रक में माल लोड कराया गया। इसके बाद उसका मोबाइल भी बंद करा दिया गया और रास्ते में होटल-ढाबे वालों के फोन से संपर्क करने को कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *