मनमुटाव की खबरों के बीच साथ दिखे CM और प्रदेश अध्यक्ष

भोपाल. मध्य प्रदेश भाजपा में सत्ता और संगठन में मनमुटाव की खबरों के बीच आखिरकार दोनों एक मंच पर साथ नजर आए। लंबे समय बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल साथ दिखाई दिए। सीएम ने कहा कि हमारी दोस्ती प्रगाढ़ है। दोनों नेताओं ने साथ आकर उन चर्चाओं पर विराम लगाने की कोशिश की, जिनमें सत्ता और संगठन के बीच खटपट की बात कही जा रही थी। दरअसल, हाल ही में दोनों नेताओं के बीच मनमुटाव की खबरें मीडिया की सुर्खियां बनी थीं।

भोपाल में प्रेस कॉन्फ्रेंस में साथ नजर आए सीएम डॉ. मोहन यादव और हेमंत खंडेलवाल।
भाजपा कार्यालय में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में जब दोनों नेता साथ आए तो मीडिया ने उनसे सवाल भी किया। सीएम से कहा गया कि आप दोनों को बधाई, आपकी दोस्ती प्रगाढ़ हो गई है। तो मुख्यमंत्री ने कहा- हमारी दोस्ती तो प्रगाढ़ ही है। इस पर दोनों नेता मुस्कुराते नजर आए। सीएम का बड़प्पन भी देखने को मिला। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल जब साइड की कुर्सी पर बैठने लगे तो मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने उन्हें बीच की कुर्सी पर बैठाया। सीएम ने कहा- आप प्रदेश अध्यक्ष हैं, आप यहां बैठिए।
वैसे प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले भी दोनों नेताओं के बीच नजदीकी देखने को मिली। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के घर पहुंचे, जहां दोनों के बीच बंद कमरे में बातचीत हुई। इसके बाद दोनों एक ही वाहन से भाजपा कार्यालय पहुंचे। कुल मिलाकर, मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष की इस कवायद ने साफ संदेश देने की कोशिश की है कि सत्ता और संगठन के बीच सबकुछ ठीक है। ये बताने की कोशिश की गई कि भाजपा एकजुट है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *