चुनाव आयोग बना भाजपा के राजनीतिक हितों का संरक्षक- कांग्रेस

ग्वालियर 21 जून। शहर जिला कांग्रेस सेवादल ग्वालियर द्वारा भाजपा सरकार के दबाव में कार्य कर रही तथा अपनी संवैधानिक निष्पक्षता खो चुकी चुनावी व्यवस्था के विरोध में सेवादल के जिलाध्यक्ष हरेन्द्र गुर्जर के नेतृत्व में चुनाव आयोग की प्रतीकात्मक शव यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में मुख्य रूप से मध्यप्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रदेश अध्यक्ष अविनाश भार्गव एवं जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र यादव उपस्थित रहे।
यह प्रतीकात्मक शवयात्रा राम मंदिर चौराहे से प्रारंभ होकर दौलतगंज होते हुए महाराज बाड़ा तक निकाली गई। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकतंत्र की रक्षा, स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव की मांग तथा चुनाव आयोग की कथित पक्षपातपूर्ण कार्यप्रणाली के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आयोग अपनी निष्पक्षता बहाल नहीं करता तो देशभर में लोकतंत्र बचाने का जनांदोलन और तेज किया जाएगा।
जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र यादव ने कहा कि आज भाजपा लोकतांत्रिक संस्थाओं को नियंत्रित कर लोकतंत्र की जड़ों को कमजोर करने का काम कर रही है। चुनाव आयोग की भूमिका पर लगातार उठ रहे सवाल इस बात का प्रमाण हैं कि जनता का विश्वास डगमगा रहा है। निष्पक्ष और स्वतंत्र चुनाव किसी भी लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत होते हैं, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में चुनाव आयोग अपनी संवैधानिक जिम्मेदारी निभाने में असफल दिखाई दे रहा है। कांग्रेस पार्टी लोकतंत्र, संविधान और मतदाता के अधिकारों की रक्षा के लिए अंतिम सांस तक संघर्ष करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *