नाकाचन्द्रवदनी से लेकर झांसी रोड थाने की सड़क जर्जर, स्लिपडिस्क और रीढ़ की हड्डी की हो रही बीमारी
ग्वालियर -नाका चंद्रबनी से झांसी रोड की ओर जाने वाली सड़क की हालत लगातार बदतर होती जा रही है। 1 किलोमीटर लंबी इस मुख्य सड़क पर आधा दर्जन से अधिक स्थानों पर खतरनाक गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह मार्ग झांसी रोड जाने का प्रमुख रास्ता है, जिस पर प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। दोपहिया वाहन चालक सबसे अधिक जोखिम में हैं, वहीं चारपहिया वाहनों के पलटने की आशंका भी बनी रहती है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार नगर निगम झांसी, संबंधित अधिकारियों और क्षेत्रीय पार्षद से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके अलावा झांसी रोड चौराहे की स्थिति भी चिंताजनक है, जहां सड़क पर गड्ढों से भरी हुई है, जिससे वाहनों की रफ्तार धीमी करनी पड़ती है और जाम की स्थिति बन जाती है। गड्ढों के कारण उड़ने वाली धूल से आसपास के दुकानदारों और रहवासियों को सांस संबंधी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। डीबी स्टार ने इस संबंध में नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय से बात की तो उन्होंने कहा कि जल्द ही यहां सड़क का मेंटेनेंस कराया जाएगा।
खतरनाक मोड़ इन दिनों गंभीर हादसों को दे रहा है न्योता
जड़ेरूआ डैम से बेहटा जाने वाली सड़क का एक खतरनाक मोड़ इन दिनों गंभीर हादसों को न्योता दे रहा है। मोड़ पर लंबे समय से पड़ी गिट्टी के कारण दोपहिया वाहन चालकों की जान जोखिम में है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद संबंधित विभाग ने अब तक न तो सफाई कराई है और न ही मरम्मत का कोई ठोस कदम उठाया है। सड़क के मोड़ पर बिखरी गिट्टी के कारण बाइक और स्कूटी कई बार फिसल चुकी हैं। कई वाहन चालक चोटिल हो चुके हैं। हालांकि अब तक कोई बड़ी दुर्घटना नहीं हुई है, लेकिन हालात बेहद खतरनाक बने हुए हैं। यह मार्ग केवल एक सामान्य सड़क नहीं, बल्कि आसपास की 20 से अधिक कॉलोनियों को जोड़ने वाली प्रमुख संपर्क सड़क है। यही रास्ता आगे हाईवे तक भी जाता है, जिससे दिन-रात यहां यातायात बना रहता है। ऑफिस जाने वाले कर्मचारी, स्कूल-कॉलेज के छात्र, ग्रामीण और व्यापारी सभी इसी मार्ग का उपयोग करते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार जिम्मेदार अधिकारियों को मौखिक शिकायत की गई, लेकिन अभी तक वहां पर उसकी सफाई नहीं की गई।

