Newsमप्र छत्तीसगढ़

तेज आवाज में डीजे बजाने पर होगी सख्त कार्रवाई – कलेक्टर

तेज आवाज में डीजे व साउंड सिस्टम बजाने पर होगी जप्ती की कार्रवाई
ग्वालियर – बोर्ड सहित अन्य परीक्षाओं के दौरान विद्यार्थियों को पढ़ाई में परेशानी नहीं हो, इसके लिए तेज आवाज में डीजे एवं साउंड सिस्टम बजाने वालों के खिलाफ कलेक्टर रूचिका चौहान ने सख्त निर्देश जारी किए हैं। साथ ही सभी अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम), तहसीलदार एवं अन्य राजस्व अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा के दिनों में कहीं भी तेज आवाज में डीजे एवं साउंड सिस्टम का संचालन न होने दिया जाए। डीजे अथवा साउंड सिस्टम बजाने पर जप्ती की कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि परीक्षार्थियों को शांत और अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसलिए परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष रूप से निगरानी रखी जाए। साथ ही विवाह समारोह, सामाजिक एवं अन्य आयोजनों के स्थलों पर भी निर्धारित समय-सीमा के बाद तेज ध्वनि में साउंड सिस्टम न चलने पाए। निर्धारित समय के पश्चात कहीं पर भी तेज आवाज में डीजे या साउंड सिस्टम संचालित होता पाया जाता है तो संबंधित संचालक एवं आयोजक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए। आवश्यक होने पर साउंड सिस्टम जप्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को संयुक्त दल बनाकर नियमित निरीक्षण करने और स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही जिला प्रशासन ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे परीक्षा अवधि में सहयोग करें और डीजे व साउंड सिस्टम बजाने से बचते हुए विद्यार्थियों के हित में शांत वातावरण बनाए रखने में सहभागी बनें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *