Newsमप्र छत्तीसगढ़

पहला प्रदेश स्तरीय किसान सम्मेलन 18 फरवरी को कुलैथ में विशाल किसान सम्मेलन 

पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ का भी करेंगे अवलोकन
ग्वालियर – प्रदेश में किसान कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। किसान कल्याण वर्ष का पहला राज्य स्तरीय विशाल किसान सम्मेलन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में 18 फरवरी को ग्वालियर जिले के ग्राम कुलैथ में आयोजित होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव कृषि प्रदर्शनी एवं स्थानीय किसानों द्वारा आयोजित पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ का अवलोकन करेंगे और कन्हैया लोकगीतों का आनंद लेंगे। विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किया जायेगा। कलेक्टर रुचिका चौहान ने सोमवार को कुलैथ पहुँचकर कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। इस मौके पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री धर्मवीर सिंह भी उनके साथ थे।
कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर निर्देश दिए कि सभी अधिकारी कार्यक्रम से संबंधित दायित्वों का गंभीरता के साथ निर्वहन करें। साथ ही इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किसानों सहित कार्यक्रम में भाग लेने आ रहे नागरिकों को असुविधा न हो।
कलेक्टर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हैलीपेड, मुख्य मंच, प्रदर्शनी स्थल व किसानों की बैठक व्यवस्था व पारंपरिक बैलगाड़ी दौड़ स्थल इत्यादि का जायजा लिया। साथ ही निर्देश दिए कि व्यवस्थाओं को इस प्रकार से अंतिम रूप दें, जिससे कृषकगण सुविधाजनक तरीके से निर्धारित स्थल पर पहुँच सकें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर पेयजल की भी पुख्ता व्यवस्था की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *