पत्नी के प्रेमी ने पति की हत्या, सिर में मारी थी गोली, पत्नी के प्रेम -प्रसंग में पति बन रहा था दीवार
ग्वालियर. कंपू थाना इलाके के नयागांव में युवक की गोली मारकर हुई हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस घटना को मृतक संतोष गिरी की पत्नी के प्रेमी अमित खान ने अपने दोस्त के साथ मिलकर अंजाम दिया था। पुलिस अब आरोपी प्रेमी अमित खान और उसके साथी की तलाश में जुटी है। मृतक संतोष गिरी जखोदा, घाटीगांव का निवासी है।
एएसपी अनु बेनीवाल ने बताया है कि बुधवार की रात लगभग 9 बजे नयागांव रेलवे लाइन के किनारे झाडि़यों में एक युवक का शव मिला था। मृतक के सिर में 2 घाव पाये गये थे। एक गोली सिर को आर-पार कर गयी थी। जबकि दूसरी गोली सिर में फंसी हुई थी। घटनास्थल से शराब की बोतलें, डिस्पोजल गिलास और नमकीन भी मिले थे। हालांकि उस वक्त मृतक की पहचान नहीं पायी थी।
गुरूवार को पुलिस ने घटनास्थल पर मिली मोटरसाईकिल के नम्बर के आधार पर जांच की थी। जिससे मृतक की पहचान संतोष गिरी उर्फ गोस्वामी 25 वर्ष, निवासी जखोदा, घाटीगांव के रूप में हुई थी। पहचान होने के बाद पुलिस ने तफ्तीश शुरू की तो जांच में सामने आया कि मृतक की शादी 2020 में मेहगांव निवासी रीना से हुई थी। मृतक के 2 बच्चे भी हैं। जिनमें एक की उम्र 4 और दूसरे की 1.6 माह ळें पत्नी-पत्नी के बीच आये दिन झगड़ा होता था। जिसके चलते पत्नी पिछले 3 वर्षो से चीनौर में अपने जीजा दीपक गिरी के घर रह रही थी।
पत्नी ने कबूला सच, प्रेमी ने दोस्त के साथ मिलकर की हत्या
पुलिस ने जब मृतक की पत्नी से पूछताछ की तो वह पहले पुलिस को गुमराह करती रही, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने सच उगल दिया। उसने बताया कि हत्या की वारदात उसके प्रेमी अमित खान ने अपने दोस्त सन्नी के साथ मिलकर अंजाम दी थी। इसके बाद पुलिस टीम आरोपियों की तलाश में जुट गई है। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी धर्मवीर सिंह यादव ने बताया कि युवक की गोली मारकर हुई हत्या के मामले में मृतक की पहचान हो चुकी है और प्रकरण का खुलासा कर दिया गया है। वारदात को मृतक की पत्नी के परिचित अमित खान और सन्नी नामक युवक ने अंजाम दिया था। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
