बेकाबू होकर कैंटर बाइक पर पलटने से एक की मौत, एक घायल
धौलपुर. सदर थाना इलाके में नेशनल हाइवे -44 पर रविवार की दोपहर एक सड़क हादसा हुआ है। एक बेकाबू कैंटर वाहन बाइक पर पलट गया जिससे मोटरसाईकिल सवार की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी। इस एक्सीडेंट में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। एक्सीडेंट की खबर मिलते ही सिटी सर्किल ऑफिसर कृष्णराज जागिड और सदर थाना पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने हाइड्रा मशीन की सहायता से कैटर के नीचे दबी बाइक को बाहर निकाला गया। बाइक चालक वाहन के नीचे दब गया था। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी।
सिटी सीओ कृष्णराज जागिड़ ने बताया कि मृतक की पहचान के तोर दनियाल निवासी महेश राठौर पुत्र फतेह सिंह के रूप में हुई है। दुर्घटना में घायल हुए दूसरे व्यक्ति को उपचार के लिये जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घायल व्यक्ति कैंटर का चालक है। पुलिस ने मृतक के शव को जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गयी है। एक्सीडेंट की वजहों का पता लगाया जा रहा है।

