बाबा साहब का अपमान करने पर NSA की कार्यवाही हो, 72 घंटे की चेतावनी, आन्दोलन की चेतावनी
ग्वालियर. आजाद समाज पार्टी ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर के अपमान के मामलों पर कड़ा रूख अपनाते हुए बाबा साहेब का अपमान करने वालों पर राष्ट्रीय सुरक्षा कानून लगाकर और तत्काल जेल भेजने की मांग की है। इसके साथ ही पार्टी ने अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) को 27 प्रतिक्षत आरक्षण दिये जाने की मांग भी दोहराई है। आजाद समाज पार्टी की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य दामोदर यादव मंडल ने ग्वालियर में पत्रकारों से चर्चा करते हुए यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया है कि हाल ही में यूपी में हुई पार्टी की राष्ट्रीय स्तर की अहम बैठक में इन मुद्दों पर गंभीर चिंता व्यक्त की है।
दामोदर ने मनुस्मृति की प्रतियां जलाने के सवाल पर कहा है कि क्या मनु स्मृति कोई ग्रंथ है या इसे भगवान के बराबर माना जाता है। उन्होंने कहा है कि मनुस्मृति को प्रतिदिन जलाना चाहिये और इसके लिये माफी भी नहीं मांगी जायेगी। हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट किया है कि इसका मतलब यह नहीं है कि बाबा साहब का अपमान करने या उनके पुतले जलाने का दुःसाहस किया जाये। पार्टी ने बाबा साहब का अपमान करने वालों पर 72 घंटे के अन्दर एनएसए के तहत कार्यवाही नहीं होने पर बड़े आन्दोलन की चेतावनी दी है। इसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन ककी होगी।
यादव ने धीरेंद्र शास्त्री को ‘बद दिमाग लड़का’ बताते हुए सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार धीरेंद्र शास्त्री को अपना दामाद मानती है और उन्हें चार्टर प्लेन उपलब्ध कराती है, जिसमें जनता के टैक्स की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग होता है। उन्होंने सरकार से सवाल किया कि वह धीरेंद्र शास्त्री से पैसे क्यों नहीं ले रही है और इस बात को स्पष्ट करे। यादव ने चेतावनी दी कि यदि ऐसा नहीं होता है, तो उनकी पार्टी सरकारों को घेरने का काम भी करेगी।
