पुलिस की नकबजनी, लूट और ठगी में 3 दिनों में 1 करोड़ 64 लाख की संपत्ति बरामद

भोपाल – पुलिस द्वारा संपत्ति संबंधी अपराधों (चोरी, लूट, नकबजनी एवं धोखाधड़ी) में 3 दिनों में महत्‍वपूर्ण सफलता दर्ज की गई है। गुना, इंदौर, खरगोन, जबलपुर, सागर, छतरपुर और कटनी पुलिस ने नकबजनी, लूट और ठगी के नेटवर्क पर त्वरित कार्रवाही कर न केवल शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया, बल्कि उनके कब्जे से कुल 1 करोड़ 64 लाख रूपए से अधिक की संपत्ति बरामद की है।
गुना में 88 लाख 53 हजार रूपए की संपत्ति जब्‍त
गुना के थाना विजयपुर एसआईटी ने गेल टाउनशिप में हुई नकबजनी घटना का पर्दाफाश किया है। तकनीकी विवेचना से एक शातिर नकबजन को गिरफ्तार कर उसके कब्‍जे से 84 लाख 03 हजार रूपए मूल्‍य के सोने के आभूषण एवं नगदी बरामद की है।
इसी प्रकार थाना कोतवाली पुलिस ने ज्वैलर्स की दुकान से चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर 4 लाख 50 हजार रूपए के जेवर और नगदी जब्त की है।
बंटी-बबली स्टाइल में चोरी का पर्दाफाश
इंदौर के राऊ थाना पुलिस ने फिल्म से प्रेरित होकर ज्वेलरी शॉप में हुई चोरी का मात्र 48 घंटे में पर्दाफाश‍ किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को भोपाल से गिरफ्तार कर उनके कब्‍जे से 16 लाख 17 हजार रूपए के सोने-चांदी के आभूषण व घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद किए है।
लूट का त्वरित खुलासा
सागर के मोतीनगर थाना क्षेत्र में हुई 14 लाख की सनसनीखेज लूट के मामले में पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 10 लाख 40 हजार रूपए नगद और घटना में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 11 लाख 90 हजार की संपत्ति जब्त की है।
30 से अधिक अपराध करने वाला चोर गिरफ्तार
जबलपुर के थाना माढ़ोताल पुलिस ने एक आदतन अपराधी अज्जू उर्फ गणेश (जिस पर 31 अपराध पूर्व से दर्ज हैं) को गिरफ्तार कर 8 चोरियों का खुलासा किया। आरोपी से सोने-चांदी के जेवर, एलईडी टीवी और एक्टिवा सहित कुल 9 लाख रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।
सूने मकान की चोरी का खुलासा
छतरपुर के थाना किशनगढ़ पुलिस ने ग्राम कुपी में हुई चोरी का खुलासा करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, तीन मोबाइल और मोटरसाइकिल सहित कुल 7 लाख रूपए की संपत्ति जब्‍त की है।
(₹20 लाख): अंतर्राज्यीय ठग गिरोह पकड़ा गया
खरगोन के बेड़िया थाना पुलिस ने नकली सोना थमाकर असली जेवर व नकदी ठगने वाले यूपी और हरियाणा के अंतर्राज्यीय गिरोह को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों से 17 लाख रूपए नगद और 3 लाख रूपए के आभूषण बरामद किए।
सस्ते सोने के नाम पर डकैती करने वाला गिरोह गिरफ्तार
कटनी के कोतवाली पुलिस ने सस्ते सोने’ के नाम पर ठगी और लूट करने वाले अंतर्राज्यीय पारधी गिरोह को गिरफ्तार किया है। छिंदवाड़ा सस्ते दाम में 7-8 किलो सोना देने का झांसा देकर कटनी बुलाया। जब पीड़ित 8 लाख रूपए लेकर पहुंचे, तो पारधी गिरोह के सदस्यों ने चाकू अड़ाकर रुपयों से भरा बैग और मोबाइल लूट लिए और फरार हो गए। पुलिस ने कैलवारा बायपास के पास घेराबंदी कर 4 पुरुषों और 2 महिलाओं (कुल 6 आरोपी) को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई 8 लाख रूपए नगद, घटना में प्रयुक्त 2 मोटरसाइकिल, 4 चाकू, 6 मोबाइल फोन और ठगी के लिए इस्तेमाल नकली सोने की गिन्नियां (वजनी 250 ग्राम) सहित कुल 11 लाख 45 हजार रूपए की संपत्त्ति जब्‍त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *