ग्वालियर में तुलसी सिलावट ने मोहन सरकार की 2 साल पर की उपलब्धियां प्रेसवार्ता,सड़कों के सवाल पर टालमटोल करते दिखे
ग्वालियर.मोहन यादव सरकार के दो साल पूरे होने पर प्रदेशभर में मंत्री सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं। ग्वालियर पहुंचे जिले के प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट ने प्रेसवार्ता कर सरकार के कामकाज को बेमिसाल बताया। हालांकि, जब मीडिया ने ग्वालियर की बदहाल सड़कों को लेकर सवाल किए तो मंत्री सीधे जवाब देने से बचते नजर आए। सड़क सुधार के सवाल पर उन्होंने केवल इतना कहा कि काम दुरुस्त कराया जा रहा है।

मंत्री ने कहा इस विषय पर पहले ही बात हो चुकी है
प्रेसवार्ता के दौरान जब मीडिया ने विकास से जुड़े जमीनी मुद्दों पर सवाल उठाए तो ग्वालियर की जर्जर सड़कों का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। पत्रकारों ने पूछा कि निरीक्षण और निर्देशों के बावजूद सड़कों की हालत क्यों नहीं सुधरी। इस पर मंत्री ने कहा कि इस विषय पर पहले ही बात हो चुकी है और अब सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जानी चाहिए।
बरसात के बाद भी जस की तस हालत
जब सड़कों के सवाल को दोबारा उठाया गया तो मंत्री ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा कि सड़कों को दुरुस्त कराया जा रहा है। इसके अलावा उन्होंने किसी ठोस समय सीमा या योजना का जिक्र नहीं किया। बता दें कि ग्वालियर की बदहाल सड़कें बीते कुछ महीनों से राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में हैं। बरसात के दौरान शहर के कई प्रमुख और पॉश इलाकों की सड़कें धंस गई थीं और जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए थे। उस समय प्रभारी मंत्री तुलसी सिलावट से लेकर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया तक ने अधिकारियों को फटकार लगाई थी और जल्द सुधार के निर्देश दिए थे।
