भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन के बाद ही होगा MP में मंत्रिमंडल विस्तार
भोपाल. मध्य प्रदेश में मोहन सरकार के दो वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाएं कई महीनों से हैं लेकिन अब यह माना जा रहा है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही विस्तार होगा। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल 20 जनवरी, 2026 को समाप्त हो रहा है। संभावना है कि इस तिथि के आसपास पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल जाएगा। पार्टी नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के बाद ही मध्य प्रदेश में मंत्रिमंडल का विस्तार होगा।
बता दें, छत्तीसगढ़ में विष्णुदेव साय मंत्रिमंडल का एक विस्तार हो चुका है, इसके बाद से ही अनुमान लगाए जा रहे हैं कि मध्य प्रदेश में भी मोहन यादव अपनी टीम में फेरबदल करेंगे। कार्यकाल के दो वर्ष पूर्ण होने से पहले डा. मोहन यादव ने मंत्रियों के कामकाज को परखने के लिए विभागवार समीक्षा बैठकें भी कर ली हैं। इससे तैयार होने वाला रिपोर्ट कार्ड भी मंत्रिमंडल विस्तार में अहम भूमिका अदा करेगा।
मंत्रिमंडल विस्तार के लिए मोहन यादव को केंद्रीय नेतृत्व से हरी झंडी लेनी होगी। पार्टी सूत्रों का कहना है कि केंद्रीय नेतृत्व ने मध्य प्रदेश के मंत्रियों के कार्य प्रदर्शन पर अलग- अलग एजेंसियों से रिपोर्ट कार्ड तैयार करवाया है। इसे भी आधार बनाया जाएगा। हालांकि केंद्रीय नेतृत्व मध्य प्रदेश के मंत्रियों के कामकाज को लेकर भारी नाराज है। तीन- चार मंत्रियों को छोड़ दिया जाए तो बाकी किसी भी मंत्री के विभाग में कोई कामकाज नहीं हो रहा है। उनकी विभाग पर पकड़ भी नहीं है। मंत्रिमंडल में चार पद रिक्त मोहन कैबिनेट में फिलहाल चार पद रिक्त हैं। 35 सदस्य हो सकते हैं। अभी मुख्यमंत्री सहित 31 मंत्री हैं। पार्टी सूत्रों का कहना है कि कम से कम चार मंत्रियों को मंत्रिमंडल से बाहर भी किया जा सकता है। ऐसी स्थिति में कम से कम छह नए चेहरे मंत्रिमंडल में आ सकते हैं।

