Newsमप्र छत्तीसगढ़

अलौकिक आध्यात्मिक ऊर्जा एवं दिव्य धुनों से सराबोर हुआ ग्वालियर  

एक साथ 5100 से अधिक प्रतिभागियों ने किया सस्वर गीता पाठ 
ग्वालियर – जब 5100 से अधिक प्रतिभागियों ने एक साथ सस्वर श्रीमद्भगवत गीता के 15वे अध्याय का पुरुषोत्तमयोग: पाठ किया तो ऐसा आभास हुआ मानो सम्पूर्ण ग्वालियर अलौकिक अध्यात्मिक ऊर्जा एवं दिव्य धुनों से सराबोर हो गया है। अवसर था गीता जयंती 01 दिसम्बर को अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव के तहत जीवाजी विश्वविद्यालय के विशाल खेल मैदान में आयोजित हुए सामूहिक गीता पाठ का।
इस अवसर पर कलेक्टर रुचिका चौहान, जीवाजी विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रोफेसर राजकुमार आचार्य, जिला पंचायत की उपाध्यक्ष प्रियंका सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया व राजेन्द्र पाल सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण, गीता प्रतिष्ठान के विचारक पं. विष्णु शर्मा, गीता मर्मज्ञ, प्रबुद्धजन मंचासीन थे।
शंख ध्वनि के साथ शुरू हुआ सामूहिक गीता पाठ 
आरंभ में ब्रम्हनाद, ध्यान साधना, सरस्वती वंदना, ईश वंदना व गुरू वंदना हुई। साथ ही दीप प्रज्ज्वलन एवं शंख ध्वनि के साथ सामूहिक गीता पाठ शुरू हुआ। श्रीमद्भगवत गीता के सामूहिक पाठ से ऐसा दृश्य निर्मित हुआ मानो पूरा परिसर शांति, सद्भाव और धर्म का शाश्वत संदेश दे रहा है। कार्यक्रम के दौरान गीता के पवित्र एवं मार्गदर्शक मंत्र लयबद्ध स्वर में गूँजते रहे, जिससे उपस्थित सभी जनों को आध्यात्मिक आनंद, एकाग्रता और सकारात्मक ऊर्जा का अद्भुत अनुभव हुआ। गीता के 15वे अध्याय के मंत्रों के सामूहिक पाठ के बाद इसका अनुवाद भी प्रस्तुत किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *