विधि-राजस्व के प्रमुख सचिवों से हाईकोर्ट ने पूछा -बताओं सरकारी जमीनों को बचाने के लिये क्या प्रयास किये
ग्वालियर. हाईकोर्ट की डबल बेंच ने सरकारी जमीनों को खुर्द-बुर्द किये जाने के मामले में विधि और राजस्व विभाग के प्रमुख सचिवों को 11 अगस्त को व्यक्तिगत रूप से तलब किया है। दोनों अधिकारियों को न्यायालय में उपस्थित होकर बताना होगा कि सरकारी जमीनों की सुरक्षाके लिये क्या कदम उठाये जा रहे हैं।
प्रमुख सचिवों को पहले 6 अगस्त को न्यायालय में वर्चुअल उपस्थित होना था। लेकिन अतिरिक्त महाधिवक्ता ने बताया कि विधानसभा सत्र चल रहा है। जिसकी वजह से व्यस्त थे। अब उन्हें 11 अगस्त का व्यक्तिगत रूप से न्यायालय में उपस्थित होना होगा।
न्यायालय ने अस्वीकार कर दिया था प्रमुख सचिव का शपथ पत्र
प्रमुख सचिव ने अपना शपथ पत्र पेश किया था। लेकिन न्यायालय ने इसे अस्वीकार कर दिया। न्यायालय ने श्योपुर कलेक्टर के 7 फरवरी 2024 के पत्र का आंखे खोलने वाला बताया। जिसमें आदिवासियों की जमीन हड़पने के लिये हुए फर्जीवाडे का खुलासा किया गया था।
प्रमुख सचिवों से मांगी थी प्रयासों की जानकारी
हाईकोर्ट ने 9 अप्रैल 2025 को इस मामले पर टिप्पणी करते हुए सवाल उठाया था। कि सरकारी जमीनों को बचाने में सरकार का प्रदर्शन चिंताजनक क्यों हैं। न्यायालय ने राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव का जमीनों की सुरक्षा के लिये किये गये उपायों के संबंध में बताने का आदेश दिया था।
जनहित याचिका में उठा था मुरार की सरकारी जमीन का मामला
मामला दीपक कुमार द्वारा दायर जनहित याचिका से जुड़ा है। याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया है कि ग्राम मुरार के सर्वे क्रमांक 703, 705, 706, 707, 708 की कुल 4 बीघा 1 बिस्वा सरकारी जमीन के रिकॉर्ड में हेराफेरी कर रामचरण, गीता, पूरन आदि ने अपने नाम नामांतरण करा लिया है। याचिका में इस मामले की सीबीआई जांच की मांग की गई है।
