यातायात पुलिस का सख्त एक्शन: ओवरलोडिंग करने वाले 77 स्कूली ऑटो पर गिरी गाज, वसूला गया ₹18,300 का समन शुल्क
लापरवाह ऑटो चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कराने के लिए आर.टी.ओ. कार्यालय भेजा गया प्रतिवेदन।
ग्वालियर। स्कूली बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से आज दिनांक 27.11.2026 को यातायात पुलिस ग्वालियर द्वारा शहर में विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। यह अभियान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जेनडेन लिंगजर्पा तथा उप पुलिस अधीक्षक यातायात (मध्य, पश्चिम, पूर्व) ने संचालित किया गया। अभियान के दौरान यातायात थाना झांसी रोड सहित ट्रैफिक थाना मध्य, पश्चिम एवं पूर्व की टीमों द्वारा संयुक्त रूप से स्कूली वाहनों की सघन जांच की गई।
चेकिंग के दौरान 77 स्कूली ऑटो ऐसे पाए गए, जो निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन कर रहे थे। बच्चों के जीवन को खतरे में डालने वाली इस गंभीर लापरवाही पर सभी 77 ऑटो चालकों के विरुद्ध चालानी कार्यवाही करते हुए कुल ₹18,300 का समन शुल्क वसूला गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले इन वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सस्पेंड कराने हेतु आर.टी.ओ. कार्यालय की ओर प्रतिवेदन भेजा गया है।
यातायात पुलिस ग्वालियर का उद्देश्य स्कूली बच्चों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराना और किसी भी संभावित दुर्घटना या असुविधा से बचाना है। यातायात पुलिस द्वारा समस्त स्कूल बस और ऑटो चालकों से अपील की जाती है कि वे अपने वाहनों में बच्चों की क्षमता से अधिक न बैठाएं और यातायात नियमों का पालन करें। इसके साथ ही यातायात पुलिस, ग्वालियर स्कूली बच्चों के अभिभावकों (पेरेंट्स) से भी अपील करती है कि वे स्वयं भी अपने बच्चों की सुरक्षा पर ध्यान दें और उन स्कूली ऑटो व बसों पर निगरानी रखें, जिनसे उनके बच्चे आते-जाते हैं, तथा देखें कि वाहन चालक क्षमता से अधिक बच्चों को तो नहीं बैठा रहे हैं। यदि किसी वाहन में क्षमता से अधिक बच्चे बैठाए जाते हैं, तो अभिभावक तुरंत इस संबंध में स्कूल प्रबंधन को सूचित करें और यातायात पुलिस व आर.टी.ओ. को भी इसकी जानकारी दें।
