बीजेपी विधायक भी चाहते हैं स्मार्ट मीटर की तकनीकी जांच, बोले बढ़े बिल से लोग परेशान
भोपाल. मध्यप्रदेश में इन दिनों स्मार्ट मीटर को लेकर जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। लोगों की शिकायत है कि स्मार्ट मीटर तेज चल रहे हैं, इससे बिजली का बिल भी ज्यादा आ रहा है। विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान बीजेपी और कांग्रेस के विधायकों से स्मार्ट मीटर को लेकर उनकी राय जानी। ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर से भी बात की। बीजेपी के 13 और कांग्रेस के 5 विधायक यानी कुल 18 विधायकों में से 8 विधायकों ने कहा कि स्मार्ट मीटर से जनता परेशान है। इन 8 में बीजेपी के 3 और कांग्रेस के 5 विधायक हैं। वहीं, बीजेपी के 4 विधायकों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि जनता परेशान है लेकिन जहां परेशानी आ रही है, उसे दूर भी किया जा रहा है। बाकी बचे बीजेपी के 6 विधायकों ने कहा कि ऐसी कोई दिक्कत नहीं है। उन्होंने स्मार्ट मीटर लगाए जाने का समर्थन किया।

कोई तकनीकी दिक्कत तो है, जांच जरूरी
रतलाम के जावरा में स्मार्ट मीटर को लेकर लगातार प्रदर्शन हो रहे हैं। लोगों ने मिलकर बिजली पीड़ित उपभोक्ता समिति का गठन किया है। 6 अगस्त को समिति के बैनर तले स्मार्ट मीटर को लेकर 3 घंटे तक बिजली कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। लोगों का कहना है कि पहले पुराने मीटर से 500 से 600 रुपए हर माह बिल आता था। अब स्मार्ट मीटर के बाद 2 हजार से 2500 से अधिक के बिल आ रहे हैं। जावरा के विधायक राजेंद्र पांडेय ने कहा कि निश्चित रूप से कहीं कोई तकनीकी कठिनाई है, इसीलिए मेरे विधानसभा समेत बाकी क्षेत्रों में भी लोग ज्यादा बिल आने की शिकायतें कर रहे हैं। इसका फिर से परीक्षण या पूरी तरह से मीटर की जांच करना बेहद जरूरी है।
