ग्वालियर स्टेशन पर भारी भीड़, रक्षाबंधन पर घर पहुंचने की जल्दी

ग्वालियर. रक्षाबंधन का त्योहार शनिवार को है। ऐसे में घर पहुंचने के लिए यात्रियों की भारी भीड़ ग्वालियर रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर उमड़ पड़ी है। स्थिति यह है कि स्टेशन पर पैदल चलने तक की जगह नहीं बची है। सुपर फास्ट और एक्सप्रेस ट्रेनों के एसी और रिजर्वेशन कोच भी जनरल बोगी जैसे दिख रहे हैं। एसी और रिजर्वेशन कोच में यात्रियों को खड़े होकर और जनरल बोगियों में गेट पर लटककर सफर करना पड़ रहा है। यही हालत रोडवेज और प्राइवेट बस स्टैंड पर के हैं। पिछले तीन दिनों में ग्वालियर में यात्रियों की संख्या 50 हजार से एक लाख तक बढ़ गई है।


ट्रेन-बस पकड़ने के लिए धक्का-मुक्की कर रहे यात्री
रक्षाबंधन के कारण भाई-बहन अपने घर जा रहे हैं। यात्रियों की भीड़ से गुरुवार और शुक्रवार को ट्रेनें और बसें पूरी तरह भर गई हैं। स्टेशन के प्लेटफॉर्म खचाखच भरे नजर आए। ट्रेन पकड़ने के लिए लोगों के बीच दिनभर धक्का-मुक्की हो रही है।
जनरल कोच के यात्री स्लीपर में घुसे
जनरल कोच के कई यात्री स्लीपर कोचों में घुस गए और खड़े होकर यात्रा करने लगे। इससे स्लीपर के यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। यात्रियों की भीड़ को संभालने के लिए आरपीएफ के जवान स्टेशन पर व्यस्त रहे।
मनमाना किराया वसूल रहे यात्री
बस स्टैंड पर भी यही स्थिति है। त्योहार पर यात्रियों की भीड़ का फायदा उठाते हुए बस ऑपरेटरों ने मनमाना किराया वसूला। भिंड, मुरैना, डबरा, दतिया, झांसी और टीकमगढ़ के लिए यात्रियों से 30 से 50 रुपए तक अधिक किराया लिया गया। अधिक किराया देने के बावजूद यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *