कॉमेडियन कपिल शर्मा को लॉरेंस गैंग ने फिर धमकाया, कहा जो सलमान खान के साथ काम करेगा उसे मार देंगे
अमृतसर. कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के खुले कैफे पर फायरिंग की घटना के बाद लॉरेंस गैंग ने उन्हें फिर धमकाया है। लॉरेंस गैंग के हैरी बॉक्सर के नाम से एक ऑडियो सामने आया है, जिसमें कपिल शर्मा के साथ-साथ पूरी फिल्म इंडस्ट्री को चेतावनी दी गई है कि जो भी सलमान खान के साथ काम करेगा, उसे जान से मार दिया जाएगा। मुंबई का माहौल खराब कर देंगे। ऑडियो में कपिल के कैफे पर हुई फायरिंग का कारण बताते हुए कहा गया है कि उन्होंने द ग्रेट इंडियन कपिल शो सीजन 2 के पहले एपिसोड में सलमान खान को बुलाया था, जिसके चलते यह हमला किया गया।

अब सीधी गोलियां चलेंगी
कपिल शर्मा पर फायरिंग को लेकर सामने आए 55 सेकेंड के ऑडियो में कहा जा रहा है- “मैं हैरी बॉक्सर, लॉरेंस गैंग से बोल रहा हूं। कपिल शर्मा पर पहले और अब फायरिंग इसलिए हुई है, क्योंकि उसने अपने नेटफ्लिक्स के शो के उद्घाटन पर सलमान खान को बुलाया था। अब हम किसी भी डायरेक्टर, प्रोड्यूसर या कलाकार को वॉर्निंग नहीं देंगे, बल्कि सीधी गोलियां उनकी छाती पर चलेंगी। मुंबई में ये वॉर्निंग सभी छोटे-मोटे कलाकारों और प्रोड्यूसर्स के लिए है।
मुंबई का माहौल खराब कर देंगे
ऑडियो में आगे कहा जा रहा है कि हम मुंबई का माहौल इतना खराब कर देंगे कि तुम लोगों ने अपनी जिंदगी में सोचा भी नहीं होगा। अगर किसी ने भी सलमान खान के साथ काम किया, चाहे वो छोटा-मोटा कलाकार हो या डायरेक्टर-प्रोड्यूसर, हम किसी को नहीं छोड़ेंगे, उसे मार देंगे। उसे मारने के लिए हमें किसी भी हद तक जाना पड़े, हम जाएंगे। अगर सलमान खान के साथ किसी ने काम किया, तो वो खुद की मौत का जिम्मेदार होगा।
