ग्वालियर हादसे में एक और कांवड़िए की मौत
ग्वालियर. ग्वालियर में छह दिन पहले शिवपुरी लिंक रोड पर हुए सड़क हादसे में घायल एक और कांवड़ यात्री की मौत हो गई है। सोमवार रात गंभीर रूप से घायल संत गोविंद दास गिरी महाराज ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके साथ ही इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है। संत गोविंद दास गिरी सीडना का चक, सिमरिया (घाटीगांव) के रहने वाले थे और वहीं स्थित मंदिर की देखरेख करते थे। वह पहली बार कांवड़ भरने के लिए गए थे। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हुए थे। प्रशासन और पुलिस उनके इलाज का खर्च वहन कर रहे थे।

भदावना से अपने गांव के लिए निकले थे कांवड़ यात्री
यह हादसा मंगलवार रात 12:30 बजे का है, जब आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे (शिवपुरी लिंक रोड) स्थित शीतला माता मंदिर गेट के पास एक तेज़ रफ्तार कार ने सड़क किनारे चल रहे कांवड़ियों को कुचल दिया था। टक्कर के बाद कार पलट गई और कांवड़िए सड़क किनारे खाई में जा गिरे। हादसे में तीन कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ा था। अब संत गोविंद दास गिरी की मौत के साथ मृतकों की संख्या पाँच हो गई है। सभी मृतक एक ही गांव सिमरिया सीडना का चक के रहने वाले थे और आपस में परिजन भी थे।
कांवड़ यात्रा से लौटते समय हुआ हादसा घटना वाले दिन सुबह घाटीगांव के 13 लोग कांवड़ भरने भदावना धाम (उटीला) गए थे। रात को लौटते समय हादसा हो गया। कार की टक्कर और पलटने से कई लोग घायल हो गए थे। घायल प्रहलाद बंजारा अब खतरे से बाहर है और अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुका है।

