MP सरकार तैयार करवा रही 8वें वेतनमान के हिसाब से बजट अनुमान

भोपाल. मध्य प्रदेश के साढ़े सात लाख नियमित कर्मचारियों और साढ़े चार लाख पेंशनरों को आठवें वेतनमान का वेतन और पेंशन देने के हिसाब से बजट अनुमान तैयार करवाया जा रहा है। केंद्र सरकार आठवां वेतनमान देने के लिए आयोग गठित कर अध्यक्ष की नियुक्ति कर चुकी है।
सातवें वेतनमान की अवधि दिसंबर 2025 में समाप्त हो रही
वेतन और पेंशन में 15 प्रतिशत की वृद्धि की संभावना जताई जा रही है। इसे देखते हुए प्रदेश सरकार भी आगामी वर्षों का बजट अनुमान तैयार करवा रही है। इसके लिए समिति भी बना दी गई है। प्रदेश में अभी अधिकारियों-कर्मचारियों और पेंशनरों को सातवें वेतनमान के हिसाब से भुगतान किया जा रहा है। इस पर वर्षभर में कुल बजट का लगभग 33 प्रतिशत हिस्सा व्यय होता है। सातवें वेतनमान की अवधि दिसंबर 2025 में समाप्त हो रही है। संभावना है कि आठवां वेतन आयोग इसके पहले अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंप सकता है। इसके स्वीकार होने के बाद राज्य उसे लागू करेंगे।
तब 7 से 18 हजार रुपये की वृद्धि हुई थी
इसके लिए सबसे पहले राज्य अपनी वित्तीय स्थिति देखेंगे और जो फार्मूला केंद्रीय कर्मचारियों के लिए निर्धारित किया गया है, उस पर विचार होगा। आमतौर पर सरकार वेतन और पेंशन वृद्धि के लिए फार्मूला स्वीकार कर लेती है, लेकिन भत्तों में काट-छांट कर दी जाती है। सातवें वेतनमान में 2.75 के फार्मूले से वृद्धि दी गई थी यानी मूल वेतन में 2.75 का गुणा करके वेतनमान निर्धारित हुआ था। तब सात से 18 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन में वृद्धि हुई थी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *