चोर पैदल आये और अस्पताल से 2 मिनट में चोरी कर ले गये BIKE
ग्वालियर. वाहन चोरी का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। ताजा मामला झांसी रोड थाना इलाके के सर्वोदय अस्पताल के बाहर का है। जहां 2 चोर एक युवक की बाइक चोरी कर ले गये। घटना 8 जुलाई की रात की है। इसका सीसीटीवी फुटेज 11 जुलाई को सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि 2 युवक पैदल आते हैं कुछ ही मिनटों में अस्पताल के बाहर खड़ी मोटरसाईकिल का लॉक तोड़कर उसे ले जाते हैं। चोरों की यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयी है।
क्या है मामला
अजयपुर सिकंदर कम्पू की गंगा विहार कॉलोनी निवासी भगवान सिंह जाटव (34) निजी नौकरी करते हैं। 8 जुलाई की रात करीब 9:45 बजे वह अपनी हीरो होंडा बाइक (MP07 NH 3954) से सर्वोदय हॉस्पिटल में भर्ती एक परिचित से मिलने गए थे। बाइक को हॉस्पिटल के मुख्य गेट के पास खड़ा कर वह अंदर चले गए। करीब 15 मिनट बाद जब वे बाहर आए, तो बाइक गायब थी। काफी तलाश के बाद भी बाइक का कुछ पता नहीं चला। उन्होंने हॉस्पिटल के बाहर लगे CCTV कैमरों की जांच की तो पूरी वारदात सामने आ गई। एक चोर बाइक का लॉक तोड़ रहा था और दूसरा पास खड़े होकर नजर रख रहा था। इसके बाद उन्होंने थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बाहरी चोर गिरोह एक्टिव
ग्वालियर में लगातार बाहर से आये चोर गैंग वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। जनवरी 2025 से अभी तक ऐसे गिरोह कई दोपहिया और चार पहिया वाहन गली-मोहल्लों, चौराहों और सार्वजनिक ठिकानों से चुरा चुके हैं। हालांकि पुलिस ने अभी तक आधा सैकड़ों से अधिक वाहन चोरों का गिरफ्तार कर उनके पास से कई गाडि़यां बरामद की है। फिर भी चोरी की घटनायें थम नहीं रही है। चोर बेखौफ होकर शहर में घुमते हैं पुलिस को चुनौती देते हुए खुलेआम वाहन चोरी कर रहे हैं।
