अतिवृ‍ष्टि व संभावित बाढ़ से बचाव के लिये एहतियातन पुख्ता उपाय करें – कलेक्टर 

ग्वालियर – अतिवृष्टि से होने वाले जल भराव व संभावित बाढ़ से बचाव के लिये पहले से ही पुख्ता एहतियाती उपाय करें। सभी एसडीएम अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्ध तैराक, नाव, पंप, ट्रेक्ट्रर ट्रॉली, जेसीबी मशीन, फायर ब्रिगेड, लाइफ जैकेट, तिरपाल, रस्से व टॉर्च सहित समस्त संसाधनों की सूची तैयार करें। साथ ही यह भी तैयारी कर लें कि जरूरत पड़ने पर किस मार्ग से और किस वाहन से इन संसाधनों को मौके पर मदद के लिये पहुँचाया जायेगा। इस आशय के निर्देश कलेक्टर रुचिका चौहान ने बाढ़ आपदा प्रबंधन की तैयारी को लेकर बुलाई गई बैठक में दिए।
उन्होंने जल भराव की स्थिति से निपटने के लिये जरूरी संसाधनों का विकेन्द्रीकरण करने के निर्देश दिए। खासतौर पर डबरा व भितरवार में नाव सहित अन्य संसाधन अभी से पहुँचा दिया जाए। कलेक्टर ने कहा कि जब एसडीआरएफ व एनडीआरएफ की टीम बचाव कार्य के लिये जाए तब उनके साथ कोई प्रशासनिक अधिकारी-कर्मचारी अवश्य भेजें, जिससे टीम सही स्थान पर पहुँचकर लोगों की मदद कर सके।
नगर निगम के हर जोन में जल निकासी के लिये 10 – 10 पम्पों की व्यवस्था करें 
पिछले साल अतिवृष्टि से जिन क्षेत्रों में जल भराव की स्थिति निर्मित हुई थी, उन स्थलों के साथ-साथ अन्य संभावित जल भराव वाले स्थलों को चिन्हित कर अभी से जल निकासी की व्यवस्था कराएं। उन्होंने ग्वालियर शहर के सभी 25 जोन में जल निकासी के लिये 10 – 10 पम्प की व्यवस्था करने के निर्देश बैठक में मौजूद अपर आयुक्त नगर निगम को दिए। शहर में दीनदयाल नगर, आदित्यपुरम, बहोड़ापुर, आनंदनगर व शीलनगर सहित अन्य ऐसे निचले क्षेत्र जहाँ जल भराव की स्थिति निर्मित होती हैं वहाँ पर पानी की निकासी के लिये अभी से इंतजाम किए जाएं, इस कार्य में कोई ढ़िलाई न हो।
बांधों से पानी छोड़ने की सूचना पहले से ही दें
जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि बरसात के दौरान जिले के जिन बांधों के गेट खोलकर पानी छोड़ने की स्थिति निर्मित हो तो इसकी सूचना समय से दी जाए, जिससे इस पानी से प्रभावित होने वाले गाँवों को समय रहते सचेत किया जा सके। जरूरत पड़ने पर उन्हें सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने की व्यवस्था की जा सके। अतिवृष्टि व संभावित बाढ़ से निपटने के लिये कलेक्ट्रेट में बाढ़ नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जा चुका है, जिसका टेलीफोन नम्बर 0751-2446232 है। कलेक्ट्रेट के कक्ष क्र.-301 में स्थापित किए गए कंट्रोल रूम के प्रभारी अधिकारी का दायित्व अधीक्षक भू-अभिलेख रामनिवास शर्मा (मोबा. 9131608591) को सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *