लोकसेवा पदोन्नति नियम 2025 का विरोध, कोर्ट जाने की तैयारी, कर्मचारी संगठन बोले विधि विभाग जैसी व्यवस्था हो
भोपाल. 9 साल से अटकी पदोन्नति (प्रमोशन) को लेकर मध्यप्रदेश सरकार से अधिकारी-कर्मचारी संगठन नाराज हैं। संगठनों ने संकेत दिए हैं कि वे सरकार के इस फैसले के विरोध में कोर्ट जा सकते हैं। सामान्य, पिछड़ा, अल्पसंख्यक वर्ग अधिकारी-कर्मचारी संस्था (स्पीक) ने सरकार के फैसले को सामान्य वर्ग विरोधी बताया है। उन्होंने पदोन्नति नियमों को नई पैकिंग में पुरानी दवाई कहा है। वहीं, तृतीय वर्ग कर्मचारी संगठन ने फैसले पर असंतोष जताते हुए कहा है कि सरकार ने वही किया जो 2016 से पहले चल रहा था। हालांकि, आरक्षित वर्ग के संगठन अजाक्स ने इस फैसले का स्वागत किया है और कहा कि, इस व्यवस्था के चालू होने से सभी वर्गों को पदोन्नति का मौका मिलेगा।
मंत्रालय अधिकारी संघ ने कहा नई पैकिंग में पुरानी दवा
मंत्रालय सेवा अधिकारी-कर्मचारी संघ के अध्यक्ष इंजीनियर सुधीर नायक ने कहा कि नए नियमों में कुछ भी नया नहीं है। यह बस पुराने नियमों को नए तरीके से पेश किया गया है। ऐसा प्रतीत होता है कि पुरानी दवाई नई पैकिंग में कर दी गई है। उन्होंने बताया कि विवाद की मुख्य वजह यह थी कि आरक्षित वर्ग के लोग अनारक्षित पदों पर भी पदोन्नत हो रहे थे, जिससे उच्च पदों पर लगभग 100% पद आरक्षित वर्ग के पास पहुंच गए थे। उदाहरण के तौर पर मंत्रालय में अपर सचिव के 65 पदों में से 58 पद आरक्षित वर्ग के लोगों के पास हैं। नायक का कहना है कि नए नियमों में पुरानी समस्या को जस का तस रखा गया है, जिससे फिर से कोर्ट केस होने की संभावना है।
