पुलिस ने कॉम्बिंग गश्त में दबोचे 308 बदमाश, 322 हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंची पुलिस
ग्वालियर. रविवार-सोमवार की दरमियानी रात को पुलिस ने शहर व देहात में एक साथ कॉम्बिंग गश्त शुरू की, रातभर चले इस अभियान में पुलिस ने कुल 308 बदमाशों को पकड़ा, जिनमें 136 के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट और 172 पर स्थाई वारंट जारी थे। इसके साथ ही पुलिस टीमों ने 322 पुराने बदमाशों और हिस्ट्रीशीटरों के घर पहुंचकर उनकी गतिविधियों की जांच की, अधिकारियों ने उनसे पूछताछ कर यह जानने की कोशिश की िकवह इन दिनों क्या काम कर रहे हैं। किसी वारदात में तो शामिल नहीं है।
जब हवालात में पहुंचे बदमाश तो उ़डी नींद
कॉम्बिंग गश्त के दौरान जिन बदमाशों को उनके घर से उठाया गया। उन्हें सीधे थानों की हवालात में पहुंचाया गया। पुलिस ने बताया कि हवालात में न तो एसी था और न ही कोई आराम, जिससे कई बदमाश पूरी रात बैचेन होकर बैठे रहें। सोमवार को सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
17 आवारा युवक सड़कों से उठाए, परिजनों के सुपुर्द
गश्त के दौरान स्टेशन बजरिया, बस स्टैंड और मॉल एरिया जैसे स्थानों से 17 युवकों को आवारागर्दी करते हुए पकड़ा गया। सभी को थाने लाकर पूछताछ की गई, फिर परिजनों को बुलाकर चेतावनी के साथ उनके सुपुर्द किया गया। पुलिस ने साफ किया कि अगली बार सड़कों पर घूमते पाए गए तो सख्त कार्रवाई होगी।
शराब तस्कर और सटोरिया भी धरे गए
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 6 शराब तस्करों और 1 सटोरिए को भी धरदबोचा। इन सभी को रात में दबिश देकर पकड़ा गया।

