शेयर बाजार मोटे मुनाफे का लालच देकर ठेकेदार से ठगे 90 लाख रूपये
ग्वालियर. शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर ठगों ने ग्वालियर के एक ठेकेदार से 90 लाख रूपये की ठगी कर ली है। ठेकेदार ने प्लॉट बेचकर यह रकम शेयर बाजार में निवेश की थी। जब ना तो मुनाफा मिला और न ही रकम वापिस आयी ।तब जाकर उसे ठगी का एहसास हुआ और उसने अब पुलिस से शिकायत की है। पीड़ित ने एसएसपी धर्मवीर सिंह से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की। इसके बाद मामला साइबर सेल को सौंपा गया है। साइबर सेल के अधिकारियों ने बताया कि पीड़ित से निवेश से जुड़े ट्रांजैक्शन और जरूरी दस्तावेज मांगे गए हैं। दस्तावेज मिलने के बाद जांच शुरू की जाएगी और तथ्य सामने आने पर कार्रवाई की जाएगी।
90 लाख रूपये 2 बार में ठग लिये
संजय सिंह के मुताबिक ठगों ने पहले उन्हें 40 लाख रूपये निवेश करने के लिये कहा और फिर दूसरी बार 56 लाख रूपये और मंगवाये। उन्होंने बताया कि यह रकम उन्होंने अपनी बचत और प्लॉट बेचकर जुटाई थी। मगर निवेश के बाद न ही कोई मुनाफा मिला और न ही रकम लौटाई गयी।
सोशल मीडिया से शुरू हुआ झांसा
पीड़ित संजय सिंह चौहान गोला का मंदिर इलाके में रहते हैं और पेशे से ठेकेदार हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर बाजार में मोटा मुनाफा कमाने वाले वीडियो देखे। इसके बाद एक प्राइवेट सिक्योरिटी कंपनी के जरिए उन्होंने शेयर बाजार में पैसा लगाना शुरू किया।
