शिवपुरी लिंक रोड मिला महिला का शव, अभी तक नहीं हो पाइ्र पहचान
ग्वालियर. बुधवार की सुबह पुलिस को शिवपुरी लिंक रोड पर शीतला माता मंदिर तिराहे के पास डिवाइडर पर एक महिला का शव मिला है। महिला की उम्र लगभग 40 साल बताई जा रही है। मौत की परिस्थितियां पूरी तरह संदिग्ध है। महिला के शरीर पर बाहरी रूप से किसी भी प्रकार के घाव नहीं पाये गये है।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है। शुरूआती जांच में पुलिसको गर्मी या हार्ट अटैक से मौत की आशंका लग रही है। लेकिन मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद से स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान का प्रयास कर रही है।
शिनाख्त के लिए राहगीरों से पूछताछ कर रही पुलिस
कंपू थाना प्रभारी मदन मोहन मालवीय ने बताया कि बुधवार सुबह सूचना मिली थी कि एक महिला का शव शीतला माता मंदिर तिराहे पर डिवाइडर के बीच में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। महिला के शरीर पर किसी प्रकार की चोट या ऐसे निशान नहीं मिले, जिससे यह प्रतीत हो कि वह किसी सड़क हादसे की शिकार हुई है। मृतका के पास ऐसा कोई सामान भी नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
