ग्वालियर हाईकोर्ट के ईमेल पर दिलजीत के इंदौर कॉन्सर्ट के मंच को बम उड़ाने की धमकी, विदेशी IP एड्रेस का किया गया उपयोग

ग्वालियर. हाईकोर्ट की ईमेल आईडी पर 2 दिन पहले धमकी भरा ईमेल आया था। इसमें इन्दौर में 15 नवम्बर को होने वाले पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के कंसर्ट के मंच को आइईडी बमसे उड़ाने की धमकी दी गयी है। ईमेल मिलने के बाद ग्वालियर पुलिस-भोपाल एसटीएफ अलर्ट मोड पर है। पुलिस ने हाईकोर्ट और जजों के बंगलों की आसपास की सुरक्षा बढ़ा दी है। प्रभारी एसपी सुतकीर्ति सोमवंशी ने धमकी भरा ईमेल मिलने की पुष्टि की है। पुलिस के अनुसार मेल भेजने के लिये आईपी एड्रेस का उपयोग किया गया है। वह विदेशी नेटवर्क का बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मेल की जांच कर उसके ओरिजन का पता लगाने और पूरे मामले को डी-कोड करने में जुटी है।
15 नवंबर को इंदौर में दोसांझ का कन्सर्ट
ग्वालियर हाईकोर्ट की ईमल आईडी पर आये धमकी भरे मेल में दिलजीत दोसांझ के इंदौर कॉन्सर्ट के मंच को बम से उड़ाने की धमकी दी गयी है। इंदौर पिछले सप्ताह 3 निजी स्कूलों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को धमकी भरे मेल भेजे गये थे।इनमें बम धमाकों की चेतावनी दी गयी थी। अब ग्वालियर हाईकोर्ट की ईमेल आईडी पर आये संदेश में कॉन्सर्ट के मंच पर आइईडी लगाकर विस्फोट करने की धमकी दी गई है। इसके बाद ग्वालियर पुलिस के साथ भोपाल-इन्दौर पुलिस को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है।
इंदौर, दिल्ली और मुंबई में भी कॉन्सर्ट को लेकर मिल चुकी हैं धमकियां
इससे पहले अक्टूबर में दिल्ली में दिलजीत दोसांझ के प्रस्तावित कॉन्सर्ट को सुरक्षा संबंधी इनपुट के कारण पुलिस से अनुमति नहीं मिली थी। बाद में सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के बाद कार्यक्रम को मंजूरी दी गई और 30 अक्टूबर को शो हुआ। 23 अक्टूबर को मुंबई की पूर्व महापौर ऋतु तावड़े के कार्यालय को भी धमकी भरा ई-मेल मिला था। इसमें दिलजीत के कॉन्सर्ट को निशाना बनाने की बात कही गई थी। अब ग्वालियर हाईकोर्ट की ई-मेल आईडी पर भी इंदौर के कॉन्सर्ट को लेकर धमकी भेजी गई है।
ग्वालियर में हाईकोर्ट और जजों के बंगलों की सुरक्षा बढ़ाई
धमकी में ग्वालियर को सीधे तौर पर निशाना नहीं बनाया गया है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस ने हाईकोर्ट और जजों के बंगलों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है।
